– सहकार से समृद्धि योजना के तहत चार समितियों से हुई शुरुआत, 440 डेयरियों को चरणबद्ध तरीके से किए जाएंगे वितरित
हनुमानगढ़। भारत सरकार की सहकार से समृद्धि योजना के तहत सोमवार को जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव ने चार दुग्ध उत्पादक सहकारी समितियों के सचिवों को माइक्रो एटीएम वितरित किए। इस मौके पर श्रीगंगानगर जिला दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड के प्रबंध निदेशक उग्रसेन सहारण तथा हनुमानगढ़ केन्द्रीय सहकारी बैंक के अधिकारी भी मौजूद रहे। माइक्रो एटीएम हनुमानगढ़ केन्द्रीय सहकारी बैंक की ओर से जारी किए गए हैं। इनके माध्यम से डेयरी सहकारी समितियां बैंकिंग सेवाएं प्रदान कर सकेंगी, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों को घर के निकट ही बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध होंगी। श्रीगंगानगर जिला दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड प्रबंध निदेशक उग्रसेन सहारण ने बताया कि योजना के प्रथम चरण में चार समितियों का चयन किया गया है, जबकि लगभग 50 आवेदन प्राप्त हुए हैं। सभी स्वीकृत एवं पंजीकृत समितियों को चरणबद्ध तरीके से माइक्रो एटीएम उपलब्ध कराए जाएंगे। इससे डेयरी सहकारी समितियों के कार्यक्षेत्र में विस्तार होगा और किसानों को बेहतर सेवाएं मिल सकेंगी। उन्होंने बताया कि माइक्रो एटीएम के माध्यम से दुग्ध उत्पादक किसान गांव में ही नकद राशि जमा कर सकेंगे, राशि निकाल सकेंगे तथा दुग्ध भुगतान भी समय पर प्राप्त कर सकेंगे। पहले यह कार्य नजदीकी बैंक शाखाओं के माध्यम से होता था, लेकिन अब समिति सचिवों के माध्यम से गांव स्तर पर ही बैंकिंग सुविधा उपलब्ध होगी। हनुमानगढ़ केन्द्रीय सहकारी बैंक के अधिकारी मनीष गांधी ने बताया कि जिले की सभी दुग्ध उत्पादक सहकारी समितियों को माइक्रो एटीएम उपलब्ध कराने की योजना है। संचालित कुल 440 डेयरिया में से प्रथम चरण में 51 समितियों को माइक्रो एटीएम वितरित किए जा रहे हैं, जबकि शेष समितियों को आगामी चरणों में जोड़ा जाएगा। उन्होंने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य दुग्ध सहकारी समितियों को मिनी बैंक के रूप में विकसित करना है। इसके तहत दुग्ध उत्पादक सहकारी समितियों के खाते सहकारी बैंकों में खोले जाएंगे, जिससे उन्हें सहकारी बैंकिंग व्यवस्था से सीधे जोड़ा जा सके और ग्रामीण क्षेत्रों में वित्तीय सेवाओं का विस्तार हो सके।
