हनुमानगढ़। जंक्शन थाना पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए एक युवक को देशी पिस्तौल व कारतूस सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार सुरेशिया पुलिस चौकी प्रभारी एसआई गुरदेव सिंह के नेतृत्व में टीम रविवार-सोमवार मध्य रात्रि को गश्त कर रही थी। गश्त के दौरान टीम ने सुरेशिया से न्यू हाउसिंग बोर्ड की तरफ जाने वाली सड़क पर संदिग्धावस्था में घूम रहे एक युवक को रुकवाकर तलाशी ली तो उसके कब्जे से 32 बोर का देशी कट्टा (पिस्तौल) व 7 जिंदा कारतूस बरामद हुए। टीम ने मौके से जसजीत सिंह (23) पुत्र जसकरण सिंह जटसिख निवासी वार्ड नंबर 20, पंजाबी मोहल्ला, हनुमानगढ़ टाउन को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ आयुध अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच एसआई चुकां को सौंपी।
