– युवक गिरफ्तार, पूछताछ में कई लोगों को चिट्टा बेचने का खुलासा, सप्लायर के खिलाफ भी मामला दर्ज
हनुमानगढ़। पल्लू थाना पुलिस ने जाट धर्मशाला में कार्रवाई करते हुए एक युवक को 26.36 ग्राम हेरोइन (चिट्टा), 52 हजार रुपए की बिक्री राशि तथा नशा बेचने और सेवन में प्रयुक्त सामान के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पूछताछ में चिट्टा बेचने और सप्लाई नेटवर्क से जुड़े कई अहम खुलासे किए हैं। पुलिस के अनुसार पल्लू थाना प्रभारी सुरेश मील पुलिस टीम के साथ कस्बा पल्लू में होटल, ढाबों और धर्मशालाओं की जांच कर रहे थे। इसी दौरान जाट धर्मशाला में एक युवक पुलिस को देखकर संदिग्ध अवस्था में वापस भागकर कमरा नम्बर 75 में घुस गया। पुलिस ने उसका पीछा कर पूछताछ की तो उसने अपना नाम मुकेश कुमार (26) पुत्र श्योपतराम जाट निवासी रामकां पीएस रावतसर बताया। प्रारंभिक पूछताछ में युवक ने अपने पास हेरोइन होने की बात स्वीकार की, लेकिन उसी दौरान घनियासर गांव में एक युवती के कथित अपहरण की सूचना मिलने पर पुलिस को तत्काल रवाना होना पड़ा। पुलिस ने कमरे को सुरक्षित लॉक कर आरोपी को निगरानी में छोड़ दिया और आवश्यक कार्रवाई के बाद रात को वापस लौटकर तलाशी की प्रक्रिया पूरी की। तलाशी के दौरान मुकेश कुमार की जींस की जेब से एक पारदर्शी पॉलीथिन में रखा डलीनुमा पदार्थ बरामद हुआ। जांच में यह हेरोइन (चिट्टा) पाया गया। इलेक्ट्रॉनिक कांटे से वजन करने पर इसका शुद्ध वजन 26.36 ग्राम निकला। कमरे में रखे एक पिट्ठू बैग की तलाशी लेने पर 52 हजार रुपए नकद, इलेक्ट्रॉनिक कांटा, सिल्वर फॉयल, खाली पॉलीथिन थैलियां, गोल किए हुए नोट, रबर तथा अन्य सामग्री बरामद हुई। आरोपी ने नकदी को चिट्टा बिक्री से प्राप्त रकम तथा अन्य सामान को नशा बेचने और सेवन में उपयोग होने वाला बताया। पूछताछ में मुकेश कुमार ने बताया कि करीब छह दिन पहले उसके परिचित कृष्ण कुमार उर्फ सुरजीत ने अबोहर क्षेत्र के एक व्यक्ति से 50 हजार रुपए में लगभग 30 ग्राम हेरोइन दिलवाई थी। आरोपी के अनुसार उसने कुछ चिट्टा बेच दिया और कुछ स्वयं सेवन कर लिया था। आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने विकास पुत्र महावीर जाट निवासी रामकां, विक्रम मटोरिया, संजय गोस्वामी, दिनेश गोस्वामी, विकास गोस्वामी, ललित गोस्वामी निवासी झेदासर, दीपक पूनिया निवासी चांदेड़ी तथा गुलशन गोस्वामी निवासी बरमसर सहित कई लोगों को चिट्टा बेचा था। पुलिस ने बरामद हेरोइन, 52 हजार रुपए की बिक्री राशि और अन्य सामान जब्त कर लिया। आरोपी मुकेश कुमार को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट तथा सप्लाई नेटवर्क में अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता के चलते धारा 29 के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच रावतसर थाना प्रभारी ईश्वरानन्द को सौंपी गई है। पुलिस अब हेरोइन की सप्लाई करने वाले आरोपियों और खरीददारों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
