- दूसरे चरण में हनुमानगढ़, पीलीबंगा और गोलूवाला में 81.48 प्रतिशत मतदान, गोलूवाला में सर्वाधिक 90.03 प्रतिशत, दोनों चरणों में 2.68 लाख से अधिक मतदाताओं ने डाला वोट, 14 सितंबर को आठों नगर निकायों में 57 टेबल पर होगी मतगणना
हनुमानगढ़। नगर निकाय आम चुनाव-2026 के तहत जिले में दो चरणों में वार्ड सदस्यों के लिए मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो गई। प्रथम चरण में 9 सितंबर को जिले की पांच नगरपालिकाओं नोहर, भादरा, संगरिया, रावतसर एवं टिब्बी में मतदान हुआ, जबकि द्वितीय चरण में शुक्रवार, 11 सितंबर को नगर परिषद हनुमानगढ़ तथा नगरपालिकाओं पीलीबंगा और गोलूवाला में मतदान हुआ। दोनों चरणों में जिले के सभी आठ नगर निकायों के 290 वार्डों के लिए मतदान हुआ।

द्वितीय चरण में कुल 1,78,275 पंजीकृत मतदाताओं में से 1,45,265 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जिससे जिले में 81.48 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मतदान प्रातः 7 बजे शुरू हुआ और सायं 6 बजे तक चला। मतदान केंद्रों पर निर्धारित समय तक कतार में लगे मतदाताओं को इसके बाद भी मतदान का अवसर दिया गया। जिले के आठों नगर निकायों में दोनों चरणों को मिलाकर कुल 3,23,427 पंजीकृत मतदाताओं में से 2,68,347 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस प्रकार जिले में दोनों चरणों का संयुक्त मतदान प्रतिशत 82.97 प्रतिशत रहा।
गोलूवाला में सर्वाधिक 90.03 प्रतिशत मतदान
द्वितीय चरण में नगरपालिका गोलूवाला में सर्वाधिक 90.03 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। यहां 25 वार्डों के लिए बनाए गए 25 मतदान केंद्रों पर पंजीकृत 13,200 मतदाताओं में से 11,884 ने मतदान किया।नगरपालिका पीलीबंगा में 35 वार्डों के लिए 35 मतदान केंद्र बनाए गए थे।

यहां 30,811 पंजीकृत मतदाताओं में से 25,861 मतदाताओं ने मतदान किया, जो 83.93 प्रतिशत रहा। वहीं नगर परिषद हनुमानगढ़ के 60 वार्डों के लिए 133 मतदान केंद्रों पर मतदान हुआ। यहां 1,34,264 पंजीकृत मतदाताओं में से 1,07,520 मतदाताओं ने मतदान किया। इस प्रकार हनुमानगढ़ में 80.08 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने किया निरीक्षण
मतदान शुरू होने के साथ ही जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव तथा पुलिस अधीक्षक श्री बी. आदित्य ने हनुमानगढ़ टाउन एवं हनुमानगढ़ जंक्शन क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने नगर परिषद हनुमानगढ़ के वार्ड संख्या 4, 5, 6, 7, 33, 42, 55, 58 एवं 59 के मतदान केंद्रों का जायजा लिया तथा मतदान प्रक्रिया, सुरक्षा व्यवस्था और मतदाताओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों ने मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी रखी। मतदान केंद्रों पर पहली बार मतदान करने वाले युवाओं, महिलाओं, बुजुर्गों एवं दिव्यांग मतदाताओं ने भी उत्साह के साथ मतदान किया।
पहले चरण में 84.80 प्रतिशत मतदान
इससे पहले 9 सितंबर को हुए प्रथम चरण के मतदान में जिले की पांच नगरपालिकाओं में कुल 1,45,152 पंजीकृत मतदाताओं में से 1,23,082 मतदाताओं ने मतदान किया, जिससे मतदान प्रतिशत 84.80 प्रतिशत रहा।
प्रथम चरण में नगर निकायवार मतदान इस प्रकार रहा—
संगरिया: 27,575 में से 24,005 — 87.05 प्रतिशत
टिब्बी: 10,357 में से 9,005 — 86.95 प्रतिशत
भादरा: 33,940 में से 29,149 — 85.88 प्रतिशत
रावतसर: 31,676 में से 27,083 — 85.50 प्रतिशत
नोहर: 41,604 में से 33,840 — 81.34 प्रतिशत
14 सितंबर को आठ स्थानों पर होगी मतगणना
राज्य निर्वाचन आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वार्ड सदस्य पदों के लिए 14 सितंबर, 2026 को मतगणना होगी। जिले के आठों नगर निकायों की मतगणना के लिए संबंधित ईवीएम स्ट्रांग रूम एवं मतगणना केंद्र निर्धारित किए गए हैं। नगर पालिका संगरिया की मतगणना किसान शहीद स्मारक खालसा उच्च माध्यमिक विद्यालय, टिब्बी की राजकीय महाविद्यालय टिब्बी, नगर परिषद हनुमानगढ़ की राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज हनुमानगढ़ जंक्शन, पीलीबंगा की राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, गोलूवाला की पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय गोलूवाला सिहागान, रावतसर की पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय रावतसर, नोहर की गौरीशंकर बिहाणी राजकीय कन्या महाविद्यालय तथा भादरा की पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय भादरा में होगी।

आठों नगर निकायों के 290 वार्डों के लिए बनाए गए 369 मतदान केंद्रों की मतगणना के लिए कुल 57 टेबल निर्धारित की गई हैं। संगरिया में 35 वार्डों के 35 मतदान केंद्रों की मतगणना के लिए 7 टेबल, टिब्बी में 20 वार्डों के 20 मतदान केंद्रों के लिए 5 टेबल, हनुमानगढ़ में 60 वार्डों के 133 मतदान केंद्रों के लिए 10 टेबल, पीलीबंगा में 35 वार्डों के 35 मतदान केंद्रों के लिए 7 टेबल, गोलूवाला में 25 वार्डों के 25 मतदान केंद्रों के लिए 5 टेबल, रावतसर में 35 वार्डों के 36 मतदान केंद्रों के लिए 7 टेबल, नोहर में 40 वार्डों के 44 मतदान केंद्रों के लिए 8 टेबल तथा भादरा में 40 वार्डों के 41 मतदान केंद्रों के लिए 8 टेबल निर्धारित की गई हैं।
21 और 22 सितंबर को अध्यक्ष-उपाध्यक्ष का निर्वाचन
नगर निकायों के अध्यक्ष पद के लिए 21 सितंबर तथा उपाध्यक्ष पद के लिए 22 सितंबर, 2026 को निर्वाचन होगा। इसी क्रम में निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संबंधित पदों के लिए निर्वाचन प्रक्रिया एवं मतगणना कराई जाएगी।
