- 4 लाख 12 हजार 332 नशीली व प्रतिबंधित टैबलेट-कैप्सूल जब्त, तीन सप्लायर गिरफ्तार- एसपी बी आदित्य ने प्रेसवार्ता में किया खुलासा
हनुमानगढ़। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत टाउन थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए टाउन के सिंधी मोहल्ले में नशीली एवं प्रतिबंधित दवाइयों के गोदाम का खुलासा किया है। जिला विशेष टीम की सूचना पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने करीब 17 करोड़ रुपए कीमत की 4 लाख 12 हजार 332 नशीली एवं प्रतिबंधित टैबलेट-कैप्सूल बरामद किए हैं। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ एक वाहन भी जब्त किया है। कार्रवाई का खुलासा जिला पुलिस अधीक्षक बी आदित्य ने सोमवार को आयोजित प्रेसवार्ता में किया। प्रेसवार्ता में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविन्द बिश्नोई भी मौजूद रहे। एसपी बी आदित्य ने बताया कि जिले में मादक पदार्थांे की तस्करी पर अंकुश लगाने, नशा तस्करों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने तथा नशा तस्करी में वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान ऑपरेशन चक्रव्यूह चलाया जा रहा है। अभियान के तहत जिले के सभी पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविन्द बिश्नोई एवं वृताधिकारी हनुमानगढ़ मीनाक्षी के निकटतम सुपरविजन में टाउन पुलिस थाना प्रभारी लखवीर सिंह गिल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की। जिला विशेष टीम के प्रभारी उप निरीक्षक ताराचंद से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने टाउन के सिंधी मोहल्ले में बने एक गोदाम पर दबिश दी। तलाशी के दौरान पुलिस को भारी मात्रा में नशीली एवं प्रतिबंधित दवाइयां मिलीं। पुलिस के अनुसार गोदाम से 32 ब्यूप्रेनॉर्फिन टैबलेट, एनडीपीएस घटक वाली दवाइयां, 1 लाख 99 हजार 400 प्रेगाबालिन कैप्सूल तथा 2 लाख 12 हजार 900 टैपेंटाडोल हाइड्रोक्लोराइड टैबलेट (टैनेडोल) बरामद की गईं। पुलिस ने कुल 4 लाख 12 हजार 332 नशीली एवं प्रतिबंधित टैबलेट-कैप्सूल जब्त किए हैं। इनके साथ एक वाहन नंबर 13 यूए 5211 भी जब्त किया गया।

जिला मुख्यालय व आसपास के क्षेत्रों में करते थे सप्लाई
एसपी के अनुसार गिरफ्तार आरोपी बड़े स्तर पर नशीली एवं प्रतिबंधित गोलियों की सप्लाई जिला मुख्यालय तथा आसपास के क्षेत्रों में अपने गिरोह के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर कर रहे थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित दवाइयों की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किन-किन स्थानों पर सप्लाई किया जाना था। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनप्रीत सिंह (37) पुत्र हरविन्द्र सिंह निवासी वार्ड नंबर 20, रमाणा कॉलोनी, हनुमानगढ़ टाउन, विनोद कुमार (34) पुत्र भंवरलाल निवासी वार्ड नंबर 6, गोल डिग्गी के पास कोहला पीएस हनुमानगढ़ टाउन तथा पप्पूसिंह (35) पुत्र बलवीर सिंह निवासी रामसरा नारायण पीएस हनुमानगढ़ टाउन के रूप में हुई है। इस संबंध में हनुमानगढ़ टाउन पुलिस थाना में एनडीपीएस एक्ट एवं भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। प्रकरण में अग्रिम अनुसंधान थाना प्रभारी लखवीर सिंह गिल की ओर से किया जा रहा है।

गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश
पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पूछताछ में नशीली दवाइयों की खरीद, सप्लाई और वितरण से जुड़े गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि गिरोह में शामिल अन्य आरोपियों तथा बरामद नशीली दवाइयों की पूरी सप्लाई चेन के संबंध में विस्तृत अनुसंधान जारी है। कार्रवाई में हनुमानगढ़ टाउन थाना की टीम में उप निरीक्षक रामकेर, सहायक उप निरीक्षक अमीचन्द, सहायक उप निरीक्षक नरेश कुमार, सहायक उप निरीक्षक रामकुमार, हेड कांस्टेबल मानसिंह, कांस्टेबल अनिल कुमार, घनश्याम मीणा तथा जयकिशन शामिल रहे। वहीं जिला विशेष टीम में प्रभारी उप निरीक्षक ताराचंद, सहायक उप निरीक्षक दुलाराम, कांस्टेबल देवकरण, सुखजोत सिंह, फारूख, जोताराम, पवन, आत्माराम एवं नरेन्द्र शामिल रहे। पुलिस के अनुसार देवकरण एवं सुखजोत सिंह की कार्रवाई में विशेष भूमिका रही।

