-कांग्रेस ओछी राजनीति छोड़ प्रदेश हित में करे सहयोग : राठौड़
जयपुर। भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि वे हकीकत से दूर हैं और परिवारवाद की राजनीति में डूबे हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि गहलोत सिर्फ “इंतजार शास्त्र” के जरिए जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं, जबकि कांग्रेस ओछी राजनीति करने में लगी हुई है। उन्होंने कहा कि उनके लिए राष्ट्रहित सर्वोपरि है। शनिवार को बीजेपी मुख्यालय में मीडिया से बातचीत करते हुए राठौड़ ने कहा कि गहलोत खुद पुत्रमोह से ग्रसित हैं, लेकिन दूसरों को नसीहत देने से पीछे नहीं हटते। उन्होंने कहा कि गहलोत ने अपने पुत्र को चुनाव मैदान में उतारा, लेकिन जनता ने उन्हें स्वीकार नहीं किया। राठौड़ ने प्रदेश की भजनलाल सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए दावा किया कि राजस्थान में पारदर्शी तरीके से भर्तियां की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि अब तक 92 हजार नौकरियां दी जा चुकी हैं और 1.53 लाख पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है। सरकार ‘ना पर्ची, ना खर्ची’ के सिद्धांत पर काम कर रही है। उन्होंने वैश्विक परिस्थितियों का जिक्र करते हुए कहा कि पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव का असर पूरी दुनिया पर पड़ रहा है। भारत अपनी जरूरत का लगभग 80 प्रतिशत पेट्रोलियम आयात करता है, ऐसे में कीमतों में बढ़ोतरी स्वाभाविक है। हालांकि देश में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है, इसलिए घबराने की जरूरत नहीं है। राठौड़ ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार इस स्थिति से निपटने के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं। कालाबाजारी और जमाखोरी पर सख्ती से कार्रवाई की जा रही है और इसके लिए 24 घंटे हेल्पलाइन भी शुरू की गई है। प्रदेश की आर्थिक स्थिति पर बोलते हुए उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2026-27 में राजस्थान की जीएसडीपी 21.52 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान है। प्रति व्यक्ति आय में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। राठौड़ ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि यह समय राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का नहीं, बल्कि एकजुट होकर काम करने का है। उन्होंने कांग्रेस से ओछी राजनीति छोड़कर प्रदेश के हित में सहयोग करने की अपील की।
