हनुमानगढ़। निकाय चुनाव को लेकर कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को जंक्शन स्थित अरिहंत भवन में चुनाव पर्यवेक्षक दिनेश सूड़ा ने संभावित उम्मीदवारों और कार्यकर्ताओं से वन-टू-वन संवाद कर चुनावी तैयारियों का फीडबैक लिया। सुबह से शाम तक चले कार्यक्रम में विभिन्न वार्डों से टिकट के दावेदारों ने पर्यवेक्षक से व्यक्तिगत मुलाकात कर अपनी दावेदारी और क्षेत्र में संगठन की स्थिति की जानकारी दी। अरिहंत भवन में दिनभर कार्यकर्ताओं की भीड़ और उत्साह नजर आया। दावेदारों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात के बाद दिनेश सूड़ा ने कहा कि कांग्रेस निकाय चुनाव पूरी मजबूती से लड़ेगी और राजस्थान के सभी निकायों में प्रचंड बहुमत के साथ बोर्ड बनाएगी। उन्होंने कहा कि हनुमानगढ़ में कार्यकर्ताओं का जोश और सक्रियता पार्टी की चुनावी तैयारी को दर्शाती है। सूड़ा ने कहा कि इस बार युवाओं को संगठन और चुनावी प्रक्रिया में ज्यादा अवसर देने पर जोर है। पार्टी 50 प्रतिशत से अधिक टिकट जेन-जी यानी युवा पीढ़ी को देने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन आवेदन की व्यवस्था के जरिए अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को भी चुनाव लड़ने का अवसर दिया गया है। प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए सूड़ा ने कहा कि महंगाई और बढ़ती कीमतों से आमजन परेशान है। चीनी और गैस सिलेंडर के बढ़ते दामों का असर लोगों के बीच दिखाई दे रहा है। उन्होंने दावा किया कि सरकार से परेशान लोग कांग्रेस की ओर उम्मीद से देख रहे हैं। उन्होंने बताया कि पूरे दिन मिले फीडबैक के आधार पर रिपोर्ट तैयार कर बुधवार शाम तक प्रदेश कांग्रेस कमेटी को भेजी जाएगी। गुरुवार को पीसीसी अध्यक्ष के साथ बैठक होगी। इसके बाद दावेदारों की सूची जारी होने की संभावना है। पीसीसी सदस्य भूपेन्द्र चौधरी ने कहा कि टिकट का आधार केवल दावेदारी नहीं, बल्कि संगठन के प्रति समर्पण, क्षेत्र में सक्रियता और जनता के बीच पकड़ होना चाहिए। ब्लॉक अध्यक्ष जिनेन्द्र जैन बेबी ने कहा कि कांग्रेस संगठन मजबूत है और कार्यकर्ता चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार हैं। उन्होंने अधिकृत प्रत्याशियों को जिताने के लिए एकजुट होकर काम करने की बात कही। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता और टिकट दावेदार मौजूद रहे।
