हनुमानगढ़। टाउन क्षेत्र में हिसारिया अस्पताल की पार्किंग से बाइक चोरी का मामला सामने आया है। टाउन थाना पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दो नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार परिवादी अनिल कुमार (42) पुत्र राजेंद्र सिंह निवासी वार्ड नंबर 15, पंजाबी मोहल्ला, हनुमानगढ़ टाउन ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि वह 13 अप्रैल की रात करीब 11.30 बजे अपने एक परिचित का हालचाल जानने के लिए हिसारिया अस्पताल गया था। वह अपनी बाइक नंबर आरजे 31 एसएल 3160 को अस्पताल की पार्किंग में खड़ी कर अंदर चला गया। करीब आधे घंटे बाद वापस लौटने पर उसकी बाइक वहां नहीं मिली। इसके बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच करने पर पता चला कि बाइक को दो युवक चोरी कर ले गए। परिवादी ने फुटेज के आधार पर आरोप लगाया कि बाइक चोरी करने वाले आरोपी सुरजीत पुत्र मंगल सिंह निवासी टिब्बी तथा सुखा सिंह पुत्र सुखदेव सिंह निवासी बुढ़सिंहवाला, बाघापुराना हाल निवासी टिब्बी हैं। पुलिस ने परिवादी की रिपोर्ट पर बीएनएस की धारा के तहत मामला दर्ज कर जांच हेड कांस्टेबल महंगासिंह को सौंपी है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
