हनुमानगढ़। आमजन को आयुर्वेद एवं प्राकृतिक चिकित्सा के माध्यम से बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से श्री चानन लाल आहूजा अरोड़वंश धर्मशाला चेरिटेबल ट्रस्ट, अबोहर एवं वाग्भट वैलनेस आयुष रिसर्च सेंटर के तत्वावधान में 16 अगस्त को नि:शुल्क आयुर्वेद-नेचुरोपैथी चिकित्सा शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर अरोड़वंश धर्मशाला, सर्कुलर रोड, नेहरू पार्क के सामने, अबोहर में सुबह 9.30 बजे से अपराह्न 3.30 बजे तक आयोजित होगा। शिविर से पूर्व गुरुवार को जनजागरूकता के उद्देश्य से पोस्टर का विमोचन किया गया। पोस्टर का विमोचन पूर्व विधायक अरुण नारंग ने किया। इस मौके पर देवेंद्र सिंह, डॉ. ऋषि नारंग, प्रवीण चावला, गगन चुघ, अशोक छाबड़ा सहित अन्य लोग मौजूद रहे। शिविर को लेकर गगन चुघ के नेतृत्व में सदस्य क्षेत्र में प्रचार-प्रसार कर लोगों को शिविर की जानकारी दे रहे हैं। वाग्भट वैलनेस आयुष रिसर्च सेंटर के संस्थापक बाबूलाल जुनेजा ने कहा कि बदलती जीवनशैली, अनियमित खानपान एवं बढ़ते तनाव के कारण लोग अनेक स्वास्थ्य समस्याओं से प्रभावित हो रहे हैं। ऐसे में यह शिविर आमजन के लिए उपयोगी अवसर है। उन्होंने विशेष रूप से बुजुर्गांे, महिलाओं एवं युवाओं से नियमित स्वास्थ्य जांच करवाने और शिविर का लाभ उठाने का आग्रह किया। पूर्व विधायक अरुण नारंग ने कहा कि यह स्वास्थ्य शिविर क्षेत्रवासियों के लिए स्वास्थ्य संवर्धन की दिशा में महत्वपूर्ण जनहितकारी पहल है तथा लोगों को प्राकृतिक एवं आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धतियों के प्रति जागरूक करने में भी सहायक होगा। शिविर में अनुभवी आयुर्वेदाचार्यांे एवं प्राकृतिक चिकित्सकों की ओर से मरीजों का नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार संबंधी मार्गदर्शन किया जाएगा। इसके साथ ही मरीजों को उनकी स्वास्थ्य स्थिति के अनुसार उचित आहार, दैनिक दिनचर्या एवं स्वस्थ जीवनशैली को लेकर विशेषज्ञ सलाह भी दी जाएगी। शिविर में किडनी, लीवर, हृदय रोग, उच्च रक्तचाप, मधुमेह, थायराइड, मोटापा, जोड़ों एवं घुटनों के दर्द, रीढ़ संबंधी समस्याओं, स्लिप डिस्क (एल-4 एवं एल-5), नसों के रोग, अस्थमा, अनिद्रा एवं मिर्गी सहित विभिन्न दीर्घकालिक स्वास्थ्य समस्याओं के लिए आयुर्वेद एवं नेचुरोपैथी पद्धति से नि:शुल्क परामर्श एवं उपचार संबंधी मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा। आमजन के लिए स्वास्थ्य जांच एवं विशेषज्ञ चिकित्सकों से व्यक्तिगत परामर्श की सुविधा भी रहेगी।
