हनुमानगढ़। श्री खुशाल दास विश्वविद्यालय परिसर में शैक्षणिक सत्र 2025-26 के अंतर्गत नॉर्थ वेस्ट जोन इंटर यूनिवर्सिटी फुटबॉल (पुरुष वर्ग) चैम्पियनशिप का आयोजन 17 से 22 जनवरी तक किया जाएगा। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में दिल्ली, हरियाणा एवं राजस्थान के विश्वविद्यालयों की 50 से 60 टीमें हिस्सा लेंगी, जिनके माध्यम से लगभग एक हजार खिलाड़ी इस चैम्पियनशिप में सहभागिता करेंगे। चैम्पियनशिप की तैयारियां जोर-शोर से जारी हैं। शुक्रवार को विश्वविद्यालय प्रबंधन की ओर से खेल मैदान व अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। विश्वविद्यालय के स्पोर्ट्स डायरेक्टर डॉ. रविन्द्र सिंह सुमल ने बताया कि 18 जनवरी को सुबह 9.30 बजे विश्वविद्यालय के खेल मैदान में अतिथियों की मौजूदगी में उद्घाटन समारोह का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता के अंतर्गत 18 से 20 जनवरी तक नॉकआउट मुकाबले, जबकि 21 एवं 22 जनवरी को लीग मैच आयोजित किए जाएंगे। इस चैम्पियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली शीर्ष चार टीमें आगामी दिनों में कोलकाता में आयोजित होने वाली इंटर जोन फुटबॉल चैम्पियनशिप में हिस्सा लेने की पात्र होंगी। प्रतियोगिता का लाइव प्रसारण एलिट यूनिवर्सिटी स्पोर्ट्स एसोसिएशन इंडिया की ओर से किया जाएगा। श्री गुरु गोबिंद सिंह चैरिटेबल ट्रस्ट अध्यक्ष बाबूलाल जुनेजा ने इस आयोजन को लेकर कहा कि इस प्रकार की खेल प्रतियोगिताएं युवाओं में अनुशासन, टीम भावना एवं नेतृत्व क्षमता का विकास करती हैं तथा विश्वविद्यालय स्तर पर खेल संस्कृति को सुदृढ़ बनाती हैं।
