हनुमानगढ़। आम आदमी पार्टी का कार्यकर्ता सम्मेलन सोमवार को जंक्शन क्षेत्र में आयोजित किया गया। इसमें पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों ने आगामी पंचायत एवं निकाय चुनावों को लेकर कार्यकर्ताओं के साथ चर्चा की। सम्मेलन में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने तथा चुनावी रणनीति पर विशेष जोर दिया गया। सम्मेलन में प्रदेश महासचिव विश्वेन्द्र सिंह, नेता कीर्ति पाठक सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

पदाधिकारियों ने कहा कि पार्टी अब राजस्थान में संगठनात्मक रूप से मजबूत हो चुकी है और आगामी पंचायती राज तथा निकाय चुनावों में सभी सीटों पर सशक्त उम्मीदवार उतारने की तैयारी कर रही है। नेताओं ने बताया कि पार्टी का मुख्य एजेंडा आम जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को सुनना और उनके समाधान के लिए संघर्ष करना रहेगा। उनका कहना था कि जहां मजबूत और ईमानदार प्रत्याशी मिलेंगे, वहां पार्टी पूरी ताकत के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी। सम्मेलन में प्रदेश नेतृत्व ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सरकार ऐसे कार्यां पर ध्यान दे रही है जिनसे जनता को भ्रमित किया जा सके, जबकि वास्तविक जनसेवा से दूरी बनाई जा रही है।

राज्य बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए नेताओं ने कहा कि सरकार ने पुराने बजट को नए रूप में पेश किया है और पिछली घोषणाएं अभी तक धरातल पर लागू नहीं हो सकी हैं। पेट्रोल-डीजल की कीमतों को लेकर भी पार्टी नेताओं ने सरकार की आलोचना की। उनका कहना था कि टैक्स में कमी नहीं कर राज्य की जनता पर आर्थिक बोझ डाला जा रहा है तथा आम लोगों को राहत देने की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे। सम्मेलन के दौरान कार्यकर्ताओं से संगठन विस्तार, जनसंपर्क अभियान और स्थानीय स्तर पर सक्रियता बढ़ाने का आह्वान भी किया गया।

मीडियाकर्मियों से बातचीत करते हुए प्रदेश महासचिव विश्वेन्द्र सिंह ने बताया कि पंचायत एवं निकाय चुनावों को लेकर पार्टी पदाधिकारी लगातार प्रदेशभर में दौरे कर रहे हैं। इसी क्रम में रविवार को बीकानेर का दौरा किया गया, जबकि मंगलवार को श्रीगंगानगर में बैठक आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि हर वार्ड और पंचायत की समस्याएं अलग-अलग होती हैं, इसलिए स्थानीय मुद्दों को आधार बनाकर चुनावी एजेंडा तैयार किया जाएगा।
