- मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
हनुमानगढ़। आगामी पंचायती राज चुनाव-2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष, स्वतंत्र एवं भयमुक्त वातावरण में संपन्न करवाने के लिए हनुमानगढ़ पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देशन में जिलेभर के मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था संबंधी तैयारियों की समीक्षा की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सेक्टर नोहर गीता चौधरी ने पुलिस थाना गोगामेड़ी क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदान केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था, संवेदनशीलता और चुनाव के दौरान आवश्यक पुलिस प्रबंधों का जायजा लिया। साथ ही संबंधित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने, सतर्कता बरतने और प्रभावी पुलिस निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं, हनुमानगढ़ वृत्ताधिकारी मीनाक्षी ने पुलिस थाना गोलूवाला क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर चुनावी तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने मतदान केंद्रों पर पुलिस की प्रभावी तैनाती, संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी तथा मतदान के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

चुनाव में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था रोकने पर विशेष जोर
हनुमानगढ़ पुलिस की ओर से चुनाव के मद्देनजर सुरक्षा प्रबंधों को मजबूत करने के लिए लगातार कदम उठाए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों द्वारा मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं का जायजा लेकर आवश्यक सुधार एवं सुरक्षा प्रबंधों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि मतदान के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य है कि जिले में प्रत्येक मतदाता बिना किसी भय, दबाव या बाधा के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके और संपूर्ण चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न हो। हनुमानगढ़ पुलिस ने निष्पक्ष चुनाव, सुदृढ़ सुरक्षा और शांतिपूर्ण मतदान के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है।
