हनुमानगढ़। जिले की पीलीबंगा तहसील में कार्यरत राजस्व पटवारी देवीलाल के साथ सूरतगढ़ थाने में कथित मारपीट और दुर्व्यवहार का मामला सामने आया है। इस मामले में राजस्थान पटवार संघ, राजस्थान कानूनगो संघ और अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ ने शुक्रवार को पुलिस महानिरीक्षक, बीकानेर रेंज को ज्ञापन भेजकर संबंधित पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। संगठनों के पदाधिकारियों ने बताया कि पटवारी देवीलाल अपनी पत्नी को चिकित्सकीय जांच के लिए स्कूटी से सूरतगढ़ चिकित्सालय ले जा रहे थे। जल्दबाजी में उन्होंने हेलमेट नहीं पहना था। आरोप है कि मौके पर मौजूद सूरतगढ़ थाना प्रभारी कलावती और अन्य पुलिसकर्मियों ने हेलमेट नहीं पहनने पर नियमानुसार चालान बनाने के बजाय उन्हें जबरन पकड़कर थाने पहुंचा दिया। वहां उन्हें अवैध हिरासत में रखकर गंभीर मारपीट और दुर्व्यवहार किया गया। संगठनों के पदाधिकारियों ने कहा कि पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों का यह कृत्य अमानवीय और गैर-कानूनी है। घटना से राजस्व पटवारियों और कर्मचारियों में रोष व्याप्त है। संगठनों ने थाना प्रभारी कलावती सहित मामले में लिप्त पुलिसकर्मियों को तुरंत निलंबित करने तथा निष्पक्ष जांच करवाकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की। संगठनों ने चेतावनी दी कि यदि दोषियों के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो समस्त राजस्व पटवारी कार्य बहिष्कार कर उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे। इसकी जिम्मेदारी पुलिस एवं जिला प्रशासन की होगी। इस मौके पर चंद्रभान ज्यानी जिला अध्यक्ष कर्मचारी महासंघ, मांगीलाल जिलाध्यक्ष पटवार संघ गंगानगर, बेबी बिश्नोई जिलाध्यक्ष कानूनगो संघ श्रीगंगानगर, अमर सिंह दहिया जिला अध्यक्ष पटवार संघ हनुमानगढ़ सहित हनुमानगढ़-गंगानगर के अनेक पटवारी व गिरदावर उपस्थित थे।
