हनुमानगढ़। संगरिया के दो पथ विक्रेताओं ने नगर पालिका कर्मचारियों पर बिना नोटिस दिए उनके खोखे व रेहड़ी उठाकर ले जाने तथा सामान वापस नहीं करने का आरोप लगाते हुए जिला कलक्टर को प्रार्थना पत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। प्रार्थना पत्र में नगर पालिका संगरिया के अधिशाषी अधिकारी सहित संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई करने तथा खोखा-रेहड़ी को उनमें रखे सामान सहित सही अवस्था में वापस दिलाने की गुहार की गई है। प्रार्थना पत्र के अनुसार वार्ड नंबर 3 संगरिया निवासी ओमप्रकाश पुत्र हीराचन्द मुख्य बस स्टैंड के सामने चप्पल-जूतों का खोखा लगाकर कारोबार करता था। ओमप्रकाश का दावा है कि नगर पालिका संगरिया की ओर से उसे पथ विक्रेता के लिए विक्रय प्रमाण पत्र जारी किया गया था। इसी प्रकार नाथवाना निवासी शंकर पुत्र सूबालाल बस स्टैंड संगरिया के सामने जूस की रेहड़ी लगाकर परिवार का भरण-पोषण करता था और उसके पास भी नगर पालिका की ओर से पथ विक्रेता का प्रमाण पत्र जारी किया गया था।

प्रार्थना पत्र में बताया गया कि 23 अप्रैल को सुबह करीब 8 से 8.30 बजे के बीच दोनों अपने-अपने घर पर थे। इसी दौरान नगर पालिका के कुछ कर्मचारी मौके पर पहुंचे और उनके अनुसार बिना किसी नोटिस के ओमप्रकाश का खोखा तथा शंकर की रेहड़ी उठाकर ले गए। ओमप्रकाश ने आरोप लगाया कि उसके खोखे में रखे जूते-चप्पल भी कर्मचारी अपने साथ ले गए। दोनों को जब करीब 9 बजे अपने खोखे व रेहड़ी मौके पर नहीं मिले तो उन्होंने पड़ोसी शिवकुमार से जानकारी ली। शिवकुमार ने बताया कि नगर पालिका संगरिया के सफाई कर्मचारी खोखा व रेहड़ी उठाकर ले गए हैं। इसके बाद दोनों नगर पालिका कार्यालय पहुंचे और अपने पथ विक्रेता प्रमाण पत्र दिखाते हुए सामान वापस देने की मांग की, लेकिन उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला। नगर पालिका के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मामले की जानकारी देने के बावजूद उनके सामान को वापस नहीं किया गया। प्रार्थना पत्र में नगर पालिका के अधिकारी दौलतराम एवं एसआई गुलविन्द्र सिंह पर भी कथित तौर पर सामान वापस नहीं करने की बात कहने का आरोप लगाया गया है। दोनों ने कहा कि उनके पास आय का अन्य कोई साधन नहीं है और वे खोखा व रेहड़ी लगाकर अपने परिवारों का भरण-पोषण करते थे। ओमप्रकाश और शंकर ने जिला कलक्टर से नगर पालिका संगरिया के अधिशाषी अधिकारी, संबंधित कर्मचारी एवं सफाई कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई करने तथा उनका खोखा-रेहड़ी मय सामान सही अवस्था में वापस दिलाने की मांग की है।
