
हनुमानगढ़। संगरिया की नई धान मंडी में हुई पांच लाख रुपए की चोरी की वारदात का अब तक खुलासा नहीं होने से मंडी के व्यापारियों में रोष व्याप्त है। इस संबंध में शुक्रवार को संगरिया व्यापार मंडल समिति के बैनर तले संगरिया धान मंडी के व्यापारियों ने जिला कलक्टर और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि यदि जल्द ही चोर को गिरफ्तार कर चोरी की रकम बरामद नहीं की गई तो व्यापारी धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंग। संगरिया व्यापार मंडल समिति के अध्यक्ष कृष्ण जैन ने बताया कि 20 दिसम्बर को संगरिया की नई धान मंडी में व्यापारी मिल्खीराम सुशील कुमार की आढ़त की दुकान पर शाम करीब 6.15 बजे एक अज्ञात शख्स आया और गल्ले में रखे पांच लाख रुपए नकद चोरी कर फरार हो गया। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई, लेकिन कई दिन बीत जाने के बावजूद न तो चोर को पकड़ा जा सका है और न ही चोरी की गई रकम की बरामदगी हो पाई है। जैन ने कहा कि यह घटना केवल एक व्यापारी के साथ नहीं, बल्कि पूरी मंडी और व्यापारिक समुदाय की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला है।

मंडी क्षेत्र में दिनदहाड़े इस प्रकार की चोरी से व्यापारियों में भय का माहौल है। यदि समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो अपराधियों के हौसले और बुलंद होंगे। कृष्ण जैन ने कहा कि पुलिस प्रशासन से कई बार मौखिक रूप से भी आग्रह किया गया, लेकिन अभी तक कोई ठोस परिणाम सामने नहीं आया। उपाध्यक्ष हेमराज गुप्ता ने कहा कि व्यापारियों की मेहनत की कमाई इस तरह चोरी हो जाना अत्यंत पीड़ादायक है और प्रशासन की निष्क्रियता चिंता का विषय है। सचिव मनोज मित्तल ने कहा कि यदि शीघ्र ही आरोपी की गिरफ्तारी और रकम की बरामदगी नहीं होती है, तो व्यापार मंडल समिति मजबूरन आंदोलनात्मक कदम उठाएगी। कोषाध्यक्ष अतुल सिंगला एवं सहसचिव सतपाल सिंगला ने भी प्रशासन से मंडी क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की। इस मौके पर चन्द्रपाल भोबिया, चिमनलाल जिन्दल, राजकुमार अग्रवाल, विक्रम सिंगला, खुबीराम बंसल, कशिश मोंगा, प्रवीण कुमार, सुशील बंसल, कमल बंसल, नवनीत मरेजा, राकेश मित्तल सहित कई अन्य व्यापारी मौजूद थे।
