हनुमानगढ़। गांव धोलीपाल निवासी पारस माली पुत्र प्रभुदयाल माली ने अपनी प्रतिभा से पूरे गांव का नाम रोशन किया है। पारस का चयन जयपुर में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय बाल महोत्सव के लिए हुआ है, जहां वह मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से भी संवाद करेंगे। जानकारी के अनुसार, बाल महोत्सव के लिए प्रदेशभर के बच्चों से वीडियो प्रविष्टियां मांगी गई थीं। पारस माली ने अपने गांव धोलीपाल स्थित प्राचीन सन्यास आश्रम के गौरवशाली इतिहास को एक वीडियो के माध्यम से पूरे राजस्थान के सामने प्रस्तुत किया। उनकी इस वीडियो को निर्णायक मंडल की ओर से सराहा गया और बाल महोत्सव के लिए चयनित कर लिया गया। यह तीन दिवसीय बाल महोत्सव 4 मई से 6 मई तक जयपुर के सांगानेर स्थित पिंजरापोल गौशाला में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान चयनित बच्चों को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से सीधे संवाद करने का मौका मिलेगा। पारस माली भी इस दौरान मुख्यमंत्री से मिलकर अपने अनुभव साझा करेंगे। पारस के चयन से गांव धोलीपाल और पूरे हनुमानगढ़ जिले में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों और परिजनों ने पारस की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता जताते हुए उसे उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। पारस की इस सफलता ने साबित कर दिया है कि ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चे भी अपनी संस्कृति और इतिहास को संजोकर प्रदेश स्तर पर पहचान बना सकते हैं।
