हनुमानगढ़। भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) के बैनर तले गांधीनगर पावर हाउस में ठेका कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता बीएमएस जिलाध्यक्ष कुलदीप शर्मा ने की। बैठक में कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं तथा कार्य व्यवस्था में हो रही अनियमितताओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में विद्युत वितरण श्रमिक संघ के जिला महामंत्री अनिल ज्याणी तथा राजस्थान विद्युत श्रमिक महासंघ के सदस्य गुरमुख सिंह भी उपस्थित रहे। वक्ताओं ने कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीर बताते हुए उनके शीघ्र समाधान की मांग की। बैठक में बताया गया कि पावर हाउस के ठेका कर्मचारियों के लिए प्रतिदिन 309 रुपये मानदेय निर्धारित किया गया है और कार्य के लिए तीन आईटीआई धारक कर्मचारियों की नियुक्ति अनिवार्य है। लेकिन वर्तमान में इन नियमों की अनदेखी की जा रही है। जिलाध्यक्ष कुलदीप शर्मा ने आरोप लगाया कि ठेकेदार द्वारा न तो कर्मचारियों को निर्धारित मानदेय का पूरा भुगतान किया जा रहा है और न ही नियमानुसार तीन कर्मचारियों की नियुक्ति की जा रही है। उन्होंने कहा कि तीन कर्मचारियों के स्थान पर दो कर्मचारियों से ही काम लिया जा रहा है, जिससे कर्मचारियों पर अतिरिक्त कार्यभार पड़ रहा है और उनकी कार्य परिस्थितियां प्रभावित हो रही हैं। उन्होंने इसे श्रमिकों के अधिकारों का उल्लंघन बताते हुए कहा कि इस तरह की व्यवस्था किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं की जाएगी। बैठक में मौजूद अन्य पदाधिकारियों ने भी प्रशासन व संबंधित विभाग से हस्तक्षेप कर कर्मचारियों को उनका उचित हक दिलाने की मांग की। बैठक के अंत में कुलदीप शर्मा ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया और कर्मचारियों को पूरा मानदेय व नियमानुसार कार्य व्यवस्था नहीं मिली तो भारतीय मजदूर संघ आंदोलन को उग्र करेगा। उन्होंने कहा कि कर्मचारी अपने अधिकारों के लिए एकजुट होकर संघर्ष करने को तैयार हैं। इस मौके पर राजेन्द्र कुमार, विनोद कुमार, राहुल, विशाल, महेन्द्र, सद्दाम, मांगीलाल, नंदलाल, जगजीत सिंह, अनिल, सुनील, अमनदीप सिंह, सौरभ शर्मा, सुभाष प्रेमपुरा सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
