हनुमानगढ़। नोहर क्षेत्र में श्रीरामा ईंट उद्योग के कांटे के पास एक तेज रफ्तार पिकअप चालक की ओर से सामने से टेम्पू को टक्कर मारने का मामला सामने आया है। हादसे में टेम्पू सवार पति-पत्नी और उनके दो बच्चे घायल हो गए। घायलों को पहले नोहर अस्पताल, फिर हनुमानगढ़ और बाद में बीकानेर के पीबीएम अस्पताल रेफर किया गया, जहां चारों का उपचार कराया गया। पुलिस के अनुसार सोनड़ी निवासी सुनीता (34) पत्नी मीतूराम भाट ने नोहर पुलिस थाना में रिपोर्ट दी। रिपोर्ट में बताया कि 29 मई को शाम करीब 4 से 5 बजे वह अपने पति मीतूराम, बेटी पूजा और बेटे सन्नी के साथ नोहर से बच्चों के कपड़े लेकर टेम्पू नंबर आरजे 13 पीए 3152 से सोनड़ी स्थित घर लौट रही थी। टेम्पू उसका पति मीतूराम चला रहा था, जबकि वह और दोनों बच्चे बीच वाली सीट पर बैठे थे। रिपोर्ट के अनुसार श्रीरामा ईंट उद्योग के कांटे के पास सामने से आ रही पिकअप नंबर आरजे 13 जीबी 2144 के चालक अशोक कुमार पुत्र महावीर जाट निवासी अमरपुरा तहसील भादरा ने पिकअप को तेज गति और लापरवाही से चलाते हुए उनके टेम्पू में सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि टेम्पू बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार चारों सदस्यों को चोटें आईं। हादसे के बाद परिजन चुसा देवी ने घायलों को राजकीय चिकित्सालय नोहर पहुंचाया। वहां से उन्हें हनुमानगढ़ और फिर बीकानेर के पीबीएम अस्पताल रेफर किया गया, जहां चारों का उपचार कराया गया। सुनीता के सिर, आंख, बाईं कोहनी, दोनों पैरों और दाहिने घुटने पर चोटें सामने आईं, जो उपचार के बाद ठीक हो चुकी हैं। वहीं मीतूराम के बाएं पैर की जांघ पर पट्टी बंधी हुई थी और उसमें रॉड डाली गई है, जबकि दाहिना पैर नली से नीचे कटा हुआ बताया गया है। चोटों के कारण मीतूराम वर्तमान में चलने में असमर्थ है। सुनीता ने पुलिस को बताया कि उपचार के बाद भी पति की हालत ऐसी है कि वह चल नहीं सकते। रिपोर्ट और चोटों के आधार पर नोहर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच हेड कांस्टेबल जगदीश प्रसाद को सौंपी है। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों और पिकअप चालक की भूमिका की जांच शुरू कर दी है।
