चारणवासी/फेफाना। कातिलाना हमले के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर उपतहसील फेफाना के गांव चारणवासी निवासी विनोद भादू के समर्थन में रविवार को चौथे दिन भी फेफाना थाने के आगे धरना जारी रहा। धरने पर बैठे लोगों ने मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी में देरी को लेकर पुलिस के खिलाफ नाराजगी जताई। धरनार्थियों का आरोप है कि पुलिस ने थाने के घेराव को टालने के लिए शनिवार को जल्दबाजी में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया, लेकिन कातिलाना हमले के कथित मास्टरमाइंड नवीन उर्फ लीलू को अब तक गिरफ्तार नहीं किया गया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि यदि पुलिस चाहे तो उसे एक घंटे में गिरफ्तार किया जा सकता है, लेकिन जानबूझकर मुख्य आरोपी को पकड़ने में ढिलाई बरती जा रही है। धरने पर बैठे लोगों ने आरोप लगाया कि शराब माफिया से जुड़े लोग गांव में पहले भी कई घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं, लेकिन पुलिस की कार्रवाई कमजोर रहने से ऐसे तत्वों के हौसले बुलंद हैं। उन्होंने यह भी कहा कि ठेकों पर काम करने वाले कई लोग हरियाणा, राजस्थान और पंजाब में विभिन्न मामलों में आरोपी या भगोड़े बताए जाते हैं, जिनका पुलिस द्वारा उचित सत्यापन नहीं किया जाता, जिसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ता है। धरनास्थल पर अरविंद, युवराज, योगेश, आदित्य, अभयसिंह, राहुल, मुकनाराम, रवि प्रकाश, जयप्रकाश गोदारा, राजेश कुमार, सुनील, संजीव कुमार, भंवरलाल, दलीप सिंह, ओमप्रकाश, रामेश्वर, मनफूल, सत्यप्रकाश, सुभाष, रामस्वरूप, दुनीराम, राजाराम भादू, विनोद कुमार गोदारा, सुमित शर्मा, रामलाल ज्याणी, सत्यवान गोदारा, राधाकृष्ण, हरचंद बेनीवाल, रामकुमार शर्मा, हरदयाल, महेंद्र भादू, सहीराम गोदारा, हरिसिंह भादू, महावीर ज्याणी, रमेश खोथ, भीमसेन, अमित कुमार, डूंगरसिंह गोदारा, शेर सिंह, बंशीलाल भादू, मनोज, शिवकुमार, संतलाल भादू, जगदीश बेनीवाल, देवकरण सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे। इस बीच जयपुर में उपचाराधीन विनोद भादू के स्वास्थ्य में सुधार होने की जानकारी सामने आई है। धरनार्थियों ने चेतावनी दी है कि मुख्य आरोपी की जल्द गिरफ्तारी नहीं होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
