हनुमानगढ़। रेलवे में टीटी के पद पर कार्यरत महिला ज्योति शर्मा ने अपने पति, जेठ और ससुराल पक्ष पर आरोप लगाते हुए पुलिस प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई। उन्होंने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष उन्हें घर में प्रवेश नहीं करने दे रहा और उनके बच्चे को भी अपने पास रखा हुआ है। ज्योति शर्मा के अनुसार उसका ससुराल जंक्शन की ढिल्लों कॉलोनी में है। उन्होंने बताया कि हाल ही में उसकी माता का निधन हो गया था, जिसके बाद वह बीकानेर गई हुई थीं। सोमवार को वापस हनुमानगढ़ पहुंचने पर जब वह ससुराल पहुंचीं तो मकान पर ताला लगा मिला। ज्योति शर्मा का आरोप है कि उनके पति, सास, ससुर और जेठ ने उन्हें घर में प्रवेश नहीं करने दिया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनके बच्चे को घर के अंदर रखा गया है और उन्हें उससे मिलने नहीं दिया जा रहा। महिला टीटी ने आरोप लगाया कि कुछ समय पहले ससुराल पक्ष ने उनके साथ मारपीट कर उन्हें घर से बाहर निकाल दिया था। इसके बाद उन्होंने महिला थाना और जंक्शन पुलिस थाना में शिकायत भी दी, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से वह परेशान हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष उनकी संपत्ति हड़पने का प्रयास कर रहा है और लगातार प्रताड़ित कर रहा है। ज्योति शर्मा ने प्रशासन से मांग की कि उन्हें उनके बच्चे से मिलवाया जाए तथा ससुराल स्थित घर में प्रवेश दिलाया जाए। उनका कहना है कि जब तक वैवाहिक विवाद और तलाक संबंधी मामला कानूनी रूप से तय नहीं होता, तब तक वह अपने ससुराल के घर में ही रहना चाहती हैं।
