हनुमानगढ़। टाउन की इंदिरा कॉलोनी, सूर्य नगर, सैनी कॉलोनी, श्याम विहार कॉलोनी एवं आसपास के क्षेत्रों में लगातार आ रही विद्युत समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर गुरुवार को कॉलोनीवासियों ने भाजपा जिला मंत्री शिमला मेहंदीरत्ता के नेतृत्व में जोधपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के एक्सईएन को ज्ञापन सौंपा। कॉलोनीवासियों ने बताया कि बीती रात क्षेत्रवासियों को पूरी रात बिजली कटौती का सामना करना पड़ा, जिससे भीषण गर्मी के बीच लोगों को भारी परेशानी हुई। उन्होंने बताया कि रात करीब दो बजे तक वे एफआरटी टीम के साथ मौके पर मौजूद रहे। इस दौरान कई स्थानों पर विद्युत लाइनों में स्पार्किंग होने के कारण बार-बार फॉल्ट आने और बिजली आपूर्ति बाधित होने की समस्या सामने आई। कॉलोनीवासियों ने बताया कि कुछ स्थानों पर विद्युत तारों की स्थिति खराब है, जिसके कारण बार-बार फॉल्ट उत्पन्न हो रहे हैं। समस्या के स्थायी समाधान के लिए करीब 500 फीट तार बदलने की आवश्यकता बताई गई। इसके अलावा इंदिरा कॉलोनी और सूर्य नगर क्षेत्र में बढ़ते लोड के कारण बार-बार फॉल्ट आने की समस्या का भी उल्लेख किया गया। कॉलोनीवासियों ने सुझाव दिया कि फीडर नम्बर 1 का कुछ लोड सैनी अस्पताल के पास से फीडर नम्बर 7 पर स्थानांतरित किया जाए, ताकि विद्युत व्यवस्था पर दबाव कम हो सके। साथ ही इंदिरा कॉलोनी की गली नम्बर 3 स्थित गुरुद्वारे के पास अतिरिक्त 100 केवी क्षमता का नया ट्रांसफार्मर लगाने की मांग भी रखी गई। ज्ञापन पर कार्रवाई करते हुए एक्सईएन ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल खराब तार बदलने के निर्देश दिए। इसके साथ ही अधिकारियों ने ट्रांसफार्मर के लोड की जांच कराने तथा गली नम्बर 3 में नया ट्रांसफार्मर शीघ्र स्थापित करने का आश्वासन भी दिया। इस मौके पर राजकुमार, अशोक कुमार, नारायण दास, विष्णु बिश्नोई, गगनदीप, राजू सहित कई कॉलोनीवासी मौजूद रहे।
