बीकानेर। शहर के नयाशहर थाना क्षेत्र में महिला से छेड़छाड़ के आरोप को लेकर सोमवार रात दो पक्षों के बीच जमकर विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों गुट आमने-सामने आ गए और एक-दूसरे पर पथराव शुरू कर दिया। इस दौरान कई लोग लाठी-डंडे और सरिया लेकर पहुंच गए, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार चौखूंटी इलाके में कुछ युवकों पर मोहल्ले की महिलाओं और युवतियों पर अश्लील कमेंट करने का आरोप है। सोमवार रात करीब 10 बजे एक महिला से छेड़छाड़ की घटना के बाद विवाद भड़क गया। महिला के परिजनों और स्थानीय लोगों ने विरोध किया तो आरोपी पक्ष के लोग मारपीट पर उतारू हो गए। बताया जा रहा है कि कुछ ही देर में दोनों पक्षों के लोग बड़ी संख्या में लाठी-डंडे और सरिया लेकर मौके पर पहुंच गए।

इसके बाद दोनों गुटों के बीच जमकर पथराव हुआ। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें लोग लाठियां लेकर दौड़ते हुए दिखाई दे रहे हैं और दोनों पक्ष आमने-सामने खड़े नजर आ रहे हैं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची तो दोनों गुटों के लोग वहां से फरार हो गए। बाद में भाजपा नेताओं और पुलिस के बीच आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर कुछ देर नोकझोंक भी हुई। मंगलवार सुबह बड़ी संख्या में लोग थाने पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कराने की मांग की। लोगों का कहना है कि कुछ युवक लंबे समय से मोहल्ले की महिलाओं और युवतियों पर अभद्र टिप्पणियां कर रहे हैं। नयाशहर थाना प्रभारी रोहित चौधरी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर भेजा गया। इलाके में पुलिस तैनात कर दी गई और हालात को नियंत्रित करने के लिए रातभर पुलिस गश्त जारी रही। मामले की जांच की जा रही है।
