हनुमानगढ़। राज्य सरकार की ओर से आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर पात्र परिवारों तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं। इसी क्रम में मंगलवार को संगरिया ब्लॉक की ग्राम पंचायत संतपुरा में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर में एक जरूरतमंद परिवार को मुख्यमंत्री कन्यादान योजना का लाभ मिला। बीपीएल श्रेणी के बूटा सिंह ने अपनी पुत्री लखविन्द्र कौर के विवाह उपरांत मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत आर्थिक सहायता के लिए आवेदन किया था। शिविर के दौरान सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के अधिकारी सुभाष चन्द्र ने आवेदन का परीक्षण कर आवश्यक दस्तावेजों की पूर्ति सुनिश्चित करवाई, जिससे आवेदन का त्वरित निस्तारण संभव हुआ। आवेदन स्वीकृत होने पर बूटा सिंह को 41 हजार रुपए की आर्थिक सहायता की स्वीकृति प्रदान की गई। सहायता स्वीकृत होने पर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि ग्रामीण सेवा शिविरों के माध्यम से अब सरकारी योजनाओं का लाभ बिना अनावश्यक भागदौड़ के समय पर मिल रहा है, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बड़ी राहत मिल रही है। उन्होंने राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर उपखंड अधिकारी जय कौशिक, विकास अधिकारी राजेश कुमार, प्रशासक प्रतिनिधि सुखजीत, गिरदावर अनिल बिश्नोई तथा समाज कल्याण अधिकारी सुभाष चन्द्र ने लाभार्थी को स्वीकृति पत्र प्रदान कर शुभकामनाएं दी।
