-संगठन की मजबूती और विकसित भारत के संकल्प पर नेताओं ने रखे विचार
हनुमानगढ़। भारतीय जनता पार्टी की ओर से सोमवार को जंक्शन स्थित जाट भवन में प्रबुद्ध जन सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य संगठन के वरिष्ठ एवं अनुभवी कार्यकर्ताओं का सम्मान करना तथा उनके मार्गदर्शन से संगठन को और अधिक सशक्त बनाने पर चर्चा करना रहा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजस्थान सैनिक कल्याण बोर्ड के चेयरमैन प्रेम सिंह बाजौर थे, जबकि अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू ने की। सम्मेलन में एससी मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष निहालचंद मेघवाल, लोकसभा प्रत्याशी प्रियंका बैलाण, विधायक संजीव बैनीवाल, पूर्व विधायक धर्मेंद्र मोची, भाजपा नेता अमित चौधरी तथा विश्व हिन्दू परिषद के जिलाध्यक्ष डॉ. निशांत बत्तरा सहित अनेक जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन भाजपा जिला महामंत्री प्रदीप ऐरी ने किया। सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि प्रेम सिंह बाजौर ने कहा कि भाजपा आज जिस मजबूत स्थिति में पहुंची है, उसमें वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के त्याग, समर्पण और वर्षों की मेहनत का महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने कहा कि संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने में वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की भूमिका सदैव प्रेरणादायी रही है। जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू ने कहा कि भाजपा परिवार में वरिष्ठ कार्यकर्ता संगठन की अमूल्य धरोहर हैं। उनके अनुभव और मार्गदर्शन से नई पीढ़ी के कार्यकर्ताओं को दिशा मिलती है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से संगठन की नीतियों और केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने का आह्वान किया। एससी मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष निहालचंद मेघवाल, प्रियंका बैलाण, विधायक संजीव बैनीवाल, पूर्व विधायक धर्मेंद्र मोची, अमित चौधरी तथा डॉ. निशांत बत्तरा ने भी अपने विचार व्यक्त किए।

वक्ताओं ने भाजपा की संगठनात्मक मजबूती, राष्ट्रहित की नीतियों और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में कार्यकर्ताओं की भूमिका पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का सम्मान भी किया गया तथा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए सुझावों पर चर्चा हुई। सम्मेलन में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने और आगामी कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया। सम्मेलन में महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष सरोज लावा, किरण मेघवाल, संयोजक ओम सोनी, सहसंयोजक अपारजोत सिंह बराड़, अकप्रीत सिधू, अनिल महला, जिला मंत्री मुरलीधर सोनी, जिला मीडिया प्रभारी कृष्ण तायल, राकेश मेहन्दीरता, वरिष्ठ नेता जुगल किशोर गौड़, प्रवीण कटारिया, प्रशांत सिहाग, सुशील जोशी, निलेश भारद्वाज, विपिन सुथार, हनीष ग्रोवर, सोनू मीणा, बाबूलाल लहरी, अतुल शर्मा सहित जिलेभर से आए भाजपा कार्यकर्ताओं और वरिष्ठजनों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही, जिससे कार्यक्रम उत्साहपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
