रावतसर। देश में बढ़ती महंगाई के विरोध में बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मनीष मक्कासर के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने एसडीएम कार्यालय के बाहर मिट्टी के चूल्हे पर चाय बनाकर विरोध जताया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंककर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन में राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी कच्ची बस्ती प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष शिव रैगर गहनोलिया और रावतसर ब्लॉक अध्यक्ष देवीलाल मटोरिया सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। इस मौके पर जिला अध्यक्ष मनीष मक्कासर ने कहा कि भाजपा की केंद्र और राज्य सरकारों के दौरान आम जनता महंगाई की दोहरी मार झेल रही है, जिससे आमजन का जीवन बेहद कठिन हो गया है। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ती कीमतों के कारण आम परिवारों का बजट बिगड़ गया है और सरकार इस मुद्दे पर पूरी तरह विफल साबित हो रही है। प्रदेश उपाध्यक्ष शिव रैगर गहनोलिया ने अपने संबोधन में भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि मौजूदा सरकार में युवाओं और महिलाओं की समस्याओं को सुनने वाला कोई नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में कार्यकर्ता जनता के अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे हैं और सरकार की नीतियों से डरने वाले नहीं हैं। ब्लॉक अध्यक्ष देवीलाल मटोरिया ने प्रदर्शन में शामिल सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जब तक सरकार महंगाई के मुद्दे पर जाग नहीं जाती, तब तक कांग्रेस पार्टी इस तरह के आंदोलन जारी रखेगी। प्रदर्शन के दौरान उप जिला प्रमुख मुकेश सारण, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर मेघवाल, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष ताराचंद डालिया, पूर्व प्रधान जयदेव भीडासरा, पूर्व वाइस चेयरमैन रणजीत, सरपंच धनराज सिहाग, सरपंच सादुल बिजारणिया, सरपंच कृष्ण सिहाग, सरपंच धर्मपाल थालोड़, इकरामुद्दीन कुरैशी, पूर्व डायरेक्टर दारा सिंह, पूर्व डायरेक्टर पवन बाकोलिया, हेतराम बिश्नोई, श्यामसुंदर शर्मा, गोविंद सांगवाल, विनोद जाखड़, सुर्यकांत झाझड़िया, पार्षद महावीर सुडा, विनोद नाथ, संदीप झाझड़िया, रोशनदिन, धोलू खां, सरपंच कृष्णा पाटोदिया, सुरेंद्र हुड्डा, एडवोकेट मांगीलाल शर्मा, दिनेश नैन, जेपी गोदारा, ममता लूणा सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
