ऐलनाबाद। चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर माँ दुर्गा चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा स्थानीय दुर्गा मंदिर प्रांगण में विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया जा रहा है। ट्रस्ट के प्रधान अशोक कुमार धानुका और प्रवक्ता एमपी तंवर ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम की जानकारी देते हुए क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं को इसमें शामिल होने का आमंत्रण दिया है। उन्होंने बताया कि 26 मार्च को प्रातः कंजक पूजन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत होगी। कंजक पूजन के पश्चात माता रानी का विशेष प्रसाद वितरण आरंभ किया जाएगा, जो पूरे दिन श्रद्धालुओं के लिए जारी रहेगा। वहीं रात्रि के समय विशेष हवन यज्ञ का आयोजन किया जाएगा। विधिवत पूजा-अर्चना और मंत्रोच्चारण के साथ हवन यज्ञ की शुरुआत रात्रि 9:15 बजे होगी। इस दौरान मंदिर प्रांगण में महिला मंडल द्वारा भजन-कीर्तन और संकीर्तन भी किया जाएगा, जिससे वातावरण भक्तिमय हो उठेगा। नवरात्र के समापन अवसर पर 27 मार्च को विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दिन मंदिर में माता रानी की भव्य संध्या आरती की जाएगी। आरती के तुरंत बाद श्रद्धालुओं को ‘मैया रानी का खजाना’ वितरित किया जाएगा। यह कार्यक्रम रात्रि 10 बजे तक जारी रहेगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। ट्रस्ट के प्रधान अशोक कुमार धानुका ने बताया कि धार्मिक मान्यता के अनुसार माता रानी का खजाना प्राप्त करने से भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं तथा परिवार में सुख-समृद्धि और खुशहाली का वास होता है। वहीं प्रवक्ता एमपी तंवर ने क्षेत्र के श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में मंदिर प्रांगण में पहुंचकर माता रानी का आशीर्वाद प्राप्त करें और आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों का लाभ उठाएं।
संवाददाता- रमेश भार्गव
