हनुमानगढ़। संगरिया थाना पुलिस ने मारपीट और अपहरण के मामले में वांछित पांचवें आरोपी को गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया। मामले में पुलिस पूर्व में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर अपहृत युवक को दस्तयाब कर परिजनों को सौंप चुकी है। जिला पुलिस अधीक्षक बी आदित्य ने बताया कि 1 सितम्बर को कासम अली पुत्र मोहम्मद अजीज निवासी ढालिया पीएस हनुमानगढ़ टाउन ने संगरिया पुलिस थाना में रिपोर्ट दी थी। रिपोर्ट में बताया गया कि 31 अगस्त की शाम वह जसपाल उर्फ सोनी पुत्र अवतार सिंह रायसिख निवासी फतेहपुर तथा जशनप्रीत उर्फ जस्सी पुत्र डॉ. सुभाष निवासी फतेहपुर के साथ भारतमाला सड़क पुल के पास रोही फतेहपुर में खड़ा था। इसी दौरान फतेहपुर गांव की ओर से दो गाड़ियां आईं। इनमें एक कार का नंबर पीबी 03 बीजी 4585 था, जबकि दूसरी गाड़ी बिना नंबर की थी। आरोप है कि गाड़ी चालक ने जसपाल उर्फ सोनी को टक्कर मार दी और उसके बाद सोनी तथा जशनप्रीत के साथ मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी जशनप्रीत उर्फ जस्सी को गाड़ी में डालकर सूरेवाला की ओर ले गए। जसपाल उर्फ सोनी को गंभीर चोट लगने पर उसे अस्पताल ले जाया गया। इसके बाद कासम अली और गुरप्रीत सिंह ने जशनप्रीत की तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चला। एसपी के अनुसार रिपोर्ट के आधार पर संगरिया पुलिस थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। अनुसंधान के दौरान पुलिस ने बुधवार को ही पांच आरोपियों-नवप्रीत सिंह (22) पुत्र शमशेर सिंह बाजीगर निवासी रणसिंहवाला पीएस बाजाखाना तहसील जैतो जिला फरीदकोट, पंजाब, अनमोल सिंह उर्फ गोलू (22) पुत्र गुरनाम सिंह राजपूत निवासी मैणा चौक के पास, बठिंडा, पंजाब। मुनिष कुमार (31) पुत्र जगदीश कुमार, मजहबी निवासी बैर सहाय गुरुद्वारा के पास, गुरहरसहाय जिला फिरोजपुर, पंजाब और बलकरण सिंह (25) पुत्र केवल सिंह मजहबी निवासी बाबा जीवन सिंह पार्क के पास, तुंगवाली रोड, चक फतेहसिंहवाला पीएस बुच्चो मंडी जिला बठिंडा, पंजाब को पंजाब के बठिंडा से दस्तयाब कर गिरफ्तार किया तथा अपहृत जशनप्रीत उर्फ जस्सी को बरामद कर परिजनों को सौंप दिया। घटना में प्रयुक्त कार पीबी 03 बीजी 4585 को भी जब्त किया जा चुका है। इसी क्रम में पुलिस ने इस प्रकरण में वांछित पांचवें आरोपी महाबीर सिंह (26) पुत्र जंगसिंह मजहबी निवासी लक्खेवाला गांव जिला मुक्तसर साहिब, पंजाब को अनुसंधान के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि अपहृत जशनप्रीत उर्फ जस्सी और आरोपियों के बीच रुपयों के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थाना प्रभारी अमर सिंह, एसआई केशव शर्मा, एएसआई विजय कस्वां, हेड कांस्टेबल लक्ष्मणराम, कांस्टेबल रामावतार, जयनारायण, राजकुमार तथा मनदीप सिंह शामिल रहे।
