मोगा। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान शनिवार को मोगा में आयोजित राज्य स्तरीय रैली को संबोधित करेंगे। इस दौरान वे मोगा जिले के विकास से जुड़ी करीब 83 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे। कार्यक्रम 4 अप्रैल को मोगा की दाना मंडी में आयोजित किया जाएगा। रैली में मुख्यमंत्री के साथ आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पंजाब प्रभारी मनीष सिसौदिया भी मौजूद रहेंगे। दोनों नेता जनसभा को संबोधित करते हुए राज्य सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी देंगे। कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। आयोजन स्थल पर सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। इस बीच मोगा की विधायक डॉ. अमनदीप कौर ने रैली स्थल का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम स्थल पर करीब 50 हजार लोगों की क्षमता के अनुसार व्यवस्था की गई है, जिनमें लगभग 20 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था भी की गई है। विधायक ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा जनता को दी गई कई गारंटियों को पूरा किया गया है, जिसके कारण लोगों में उत्साह का माहौल है। उन्होंने उम्मीद जताई कि रैली में बड़ी संख्या में लोग पहुंचेंगे।
