हनुमानगढ़। राजस्थान दिवस सप्ताह के उपलक्ष्य में नेहरू मेमोरियल विधि महाविद्यालय में भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को राजस्थान के विकास की मुख्यधारा से जोड़ते हुए उन्हें भविष्य की चुनौतियों के प्रति जागरूक और तैयार करना रहा। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. सीताराम ने की।

उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि विकसित राजस्थान का सपना तभी साकार होगा जब प्रदेश का युवा शिक्षित होने के साथ-साथ नवाचार और तकनीक के क्षेत्र में भी दक्ष बने। उन्होंने बताया कि राज्य की विकास कार्ययोजना चार प्रमुख थीम—जनकल्याण, त्वरित विकास, भविष्य उन्मुख राजस्थान और संवर्धक नीति—पर आधारित है, जिन पर सरकार विशेष रूप से कार्य कर रही है। प्रतियोगिता के परिणामों में चित्रकला प्रतियोगिता में विधि तृतीय वर्ष के विद्यार्थी विजेन्द्र सुथार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

वहीं भाषण प्रतियोगिता में विधि तृतीय सेमेस्टर के अकरम खान, विधि प्रथम सेमेस्टर के योगेश स्वामी, पूजा कुमारी तथा मंजू रानी ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपने विचार प्रस्तुत किए। कार्यक्रम प्रभारी सह-आचार्य डॉ. के.बी. ओझा ने राजस्थान दिवस सप्ताह के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। उनके नेतृत्व में उपस्थित विद्यार्थियों एवं महाविद्यालय स्टाफ ने राजस्थान को आत्मनिर्भर और विकसित बनाने की शपथ भी ली। इस अवसर पर महाविद्यालय के शैक्षणिक एवं अशैक्षणिक स्टाफ सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
