– कक्षा 8 के विद्यार्थियों के लिए सुनहरा अवसर, 30 नवंबर तक होंगे ऑनलाइन आवेदन; 20 दिसंबर को आयोजित होगी राज्य स्तरीय चयन परीक्षा
हनुमानगढ़। राजस्थान के राजकीय विद्यालयों में कक्षा 8 में अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए नेशनल मीन्स कम मेरिट स्कॉलरशिप स्कीम (एनएमएमएसएस) के तहत छात्रवृत्ति प्राप्त करने का सुनहरा अवसर है। शैक्षणिक सत्र 2026-27 में आयोजित होने वाली एनएमएमएसएस चयन परीक्षा-2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 30 अक्टूबर से शुरू होकर 30 नवंबर 2026 तक चलेगी। परीक्षा का आयोजन 20 दिसंबर 2026 (रविवार) को किया जाएगा। इस संबंध में माध्यमिक शिक्षा निदेशालय, राजस्थान, बीकानेर की ओर से 16 अक्टूबर 2026 को विज्ञप्ति जारी की गई है।
चयनित विद्यार्थियों को मिलेंगे 12 हजार रुपये सालाना
एनएमएमएसएस योजना के अंतर्गत चयनित विद्यार्थियों को कक्षा 9 से 12 तक नियमित अध्ययनरत रहने पर नियमानुसार प्रतिवर्ष 12,000 रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। छात्रवृत्ति की राशि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से सार्वजनिक वित्तीय प्रबंधन प्रणाली (पीएफएमएस) द्वारा विद्यार्थियों के बैंक खातों में हस्तांतरित की जाएगी। इस योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रोत्साहित करना है।
ये विद्यार्थी कर सकेंगे आवेदन
योजना के लिए राज्य सरकार द्वारा संचालित विद्यालयों में कक्षा 8 में अध्ययनरत विद्यार्थी पात्र होंगे, बशर्ते वे राजकीय सहायता प्राप्त छात्रावास में निवासरत न हों। विद्यार्थी के कक्षा 7 में न्यूनतम 55 प्रतिशत अंक होना आवश्यक है। अंतिम चयन के लिए कक्षा 8 में भी न्यूनतम 55 प्रतिशत अंक प्राप्त करना अनिवार्य होगा। अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के विद्यार्थियों को निर्धारित अंकों में 5 प्रतिशत की छूट मिलेगी। इसके अलावा, विद्यार्थी के माता-पिता अथवा अभिभावक की कुल वार्षिक आय 3.5 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए।
शाला दर्पण पोर्टल से होंगे आवेदन
विभागीय विज्ञप्ति के अनुसार, विद्यार्थियों के ऑनलाइन आवेदन संबंधित संस्था प्रधान अथवा प्रभारी द्वारा शाला दर्पण पोर्टल के माध्यम से भरे जाएंगे। परीक्षा के प्रवेश पत्र 10 दिसंबर 2026 से पोर्टल पर उपलब्ध होंगे। विद्यार्थी आवेदन क्रमांक और जन्मतिथि दर्ज कर प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे।
दो भागों में होगी चयन परीक्षा
चयन परीक्षा में दो परीक्षण शामिल होंगे। मानसिक योग्यता परीक्षण (एमएटी) में 90 बहुविकल्पीय प्रश्न होंगे, जिनमें तर्क क्षमता, आलोचनात्मक सोच, समानता, वर्गीकरण, संख्यात्मक श्रृंखला, पैटर्न पहचान और छिपे हुए आंकड़ों जैसे विषयों पर आधारित प्रश्न पूछे जाएंगे। वहीं, शैक्षणिक योग्यता परीक्षण (एसएटी) में भी 90 बहुविकल्पीय प्रश्न होंगे। इसमें कक्षा 7 और 8 के स्तर के विज्ञान, सामाजिक अध्ययन और गणित विषयों से प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा के लिए कुल 180 मिनट का समय निर्धारित है। विशेष आवश्यकता वाले परीक्षार्थियों को 30 मिनट का अतिरिक्त समय मिलेगा। परीक्षा में उत्तर देने के लिए ओएमआर शीट का उपयोग किया जाएगा। परीक्षा का पाठ्यक्रम शाला दर्पण पोर्टल के एनएमएमएसएस टैब पर उपलब्ध रहेगा।
राज्य में 5471 छात्रवृत्तियों का कोटा
राजस्थान के लिए इस योजना के अंतर्गत कुल 5471 छात्रवृत्तियों का कोटा निर्धारित है। इसका जिलेवार और श्रेणीवार वर्गीकरण किया गया है। छात्रवृत्ति प्राप्त करने के लिए विद्यार्थियों का जिला मेरिट में स्थान प्राप्त करना आवश्यक होगा। चयन परीक्षा में सामान्य श्रेणी के आवेदकों को न्यूनतम 40 प्रतिशत अंक प्राप्त करने होंगे, जबकि अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति श्रेणी के विद्यार्थियों के लिए न्यूनतम अर्हक अंक 32 प्रतिशत निर्धारित हैं। दिव्यांग विद्यार्थियों को नियमानुसार उनकी श्रेणी में 3 प्रतिशत आरक्षण का लाभ देय होगा।
समय पर आवेदन करने की अपील
विद्यार्थियों, अभिभावकों और विद्यालयों के संस्था प्रधानों को निर्धारित समय सीमा में आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी गई है। योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी संबंधित जिले के जिला शिक्षा अधिकारी (मुख्यालय), माध्यमिक शिक्षा कार्यालय, विभागीय वेबसाइट और शाला दर्पण पोर्टल से प्राप्त की जा सकती है। माध्यमिक शिक्षा राजस्थान, बीकानेर के निदेशक ललित कुमार की ओर से जारी विज्ञप्ति में परीक्षा कार्यक्रम, पात्रता और आवेदन प्रक्रिया से संबंधित दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
