हनुमानगढ़। शुभा मेहता, न्यायाधीश राजस्थान उच्च न्यायालय पीठ जयपुर के हनुमानगढ़ आगमन पर समस्त न्यायिक अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने हनुमानगढ़ मुख्यालय स्थित न्यायालयों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान न्यायाधीश द्वारा जिला न्यायालय परिसर में नवस्थापित ई-सेवा केंद्र तथा अति संवेदनशील गवाह बयान केंद्र (वीडब्ल्यूडीसी) का लोकार्पण किया गया। नवस्थापित ई-सेवा केंद्र एक वन-स्टॉप डिजिटल सुविधा केंद्र है, जहां वकीलों और वादियों को केस से जुड़ी जानकारी, ई-फाइलिंग और ऑनलाइन भुगतान जैसी डिजिटल सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी। इससे न्यायिक प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ने के साथ कागजी कार्यवाही और समय की बचत होगी। इसी प्रकार माननीय सुप्रीम कोर्ट ऑफ इंडिया के निर्देशानुसार स्थापित अति संवेदनशील गवाह बयान केंद्र (वीडब्ल्यूडीसी) एक सुरक्षित, सौम्य और बाधा-मुक्त वातावरण प्रदान करता है। यह केंद्र विशेष रूप से बच्चों, यौन अपराध पीड़ितों और बुजुर्गों जैसे कमजोर गवाहों के बयान दर्ज करने के लिए बनाया गया है, जहां अभियुक्त गवाह को देख नहीं पाता, जिससे गवाह बिना किसी भय या दबाव के अपनी गवाही दे सकता है।

लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान जिला एवं सेशन न्यायाधीश तनवीर चौधरी, पारिवारिक न्यायाधीश अशोक कुमार टाक, विशिष्ट न्यायाधीश एनडीपीएस प्रकरण पृथ्वी पाल सिंह, विशिष्ट न्यायाधीश पोक्सो प्रकरण दीपक सोनी, विशिष्ट न्यायाधीश एससी/एसटी प्रकरण डॉ. सरिता स्वामी सहित हनुमानगढ़ मुख्यालय के सभी न्यायिक अधिकारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर बार संघ के अध्यक्ष रोहित खीची, पदाधिकारी एवं अधिवक्तागण भी कार्यक्रम में शामिल हुए। इसके अतिरिक्त माननीय न्यायाधीश ने हनुमानगढ़ न्यायक्षेत्र के सभी मुख्यालयों के न्यायिक अधिकारियों के साथ बैठक भी की, जिसमें उन्होंने न्यायालयों में लंबित प्रकरणों को कम करने और मामलों के शीघ्र निस्तारण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। हनुमानगढ़ न्यायक्षेत्र के संगरिया मुख्यालय पर भी न्यायाधीश द्वारा न्यायालयों का निरीक्षण किया गया तथा न्यायिक अधिकारियों और अधिवक्ताओं के साथ बैठक आयोजित की गई। इस दौरान अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश बलवंत भारी, अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सुजीत कुमार तंवर, सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट सोनाक्षी पाण्डेय तथा बार संघ अध्यक्ष नवीन सेठी अपने पदाधिकारियों और अधिवक्ताओं के साथ उपस्थित रहे।
