रावतसर। पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के अंतर्गत भारतीय जनता पार्टी मंडल रावतसर द्वारा आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का रविवार को भव्य समापन हुआ। प्रशिक्षण शिविर के दौरान कुल सात सत्र आयोजित किए गए, जिनमें जिले के अनुभवी वक्ताओं ने विभिन्न विषयों पर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। प्रशिक्षण के प्रथम सत्र में आशीष पारीक ने बूथ प्रबंधन, बूथ कार्यसमिति, ‘मन की बात’ कार्यक्रम तथा बूथ स्तर पर आयोजित होने वाली गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी।

द्वितीय सत्र में धर्मपाल सिहाग ने भाजपा की कार्यपद्धति को सरल और प्रभावी ढंग से समझाते हुए संगठनात्मक कार्यप्रणाली पर प्रकाश डाला। तृतीय सत्र में रामकिशन भाकर और अतुल शर्मा ने पार्टी के वैचारिक अधिष्ठान पर अपने विचार रखे, जबकि चतुर्थ सत्र में सुभाष सहारन ने केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों को आमजन तक पहुंचाने का आह्वान किया। पंचम सत्र में कार्यकर्ताओं को नमो ऐप, सरल ऐप तथा एआई आधारित सोशल मीडिया के उपयोग की जानकारी दी गई। इस दौरान बताया गया कि डिजिटल तकनीकों का सकारात्मक और प्रभावी उपयोग कर संगठन को कैसे मजबूत बनाया जा सकता है। षष्ठम सत्र में देवेंद्र पारीक ने भारतीय जनता पार्टी के इतिहास और उसके विकास क्रम पर विस्तार से जानकारी दी।

वहीं अंतिम एवं सप्तम सत्र में मुरलीधर सोनी ने संगठन विस्तार और भविष्य की कार्ययोजना पर प्रकाश डालते हुए कार्यकर्ताओं को पार्टी को और अधिक सशक्त बनाने के लिए प्रेरित किया। प्रशिक्षण शिविर में पीलीबंगा के पूर्व विधायक धर्मेंद्र मोची, शहर मंडल अध्यक्ष राकेश शास्त्री, विष्णु जोशी, पूर्व मंडल अध्यक्ष महावीर योगी तथा निवर्तमान नगरपालिका अध्यक्षा सोना देवी गोपीराम रैगर सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी और सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे। समापन अवसर पर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। सभी कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के संकल्प के साथ प्रशिक्षण शिविर का समापन किया।
संवाददाता- नरेश
