-दंत चिकित्सा शिक्षा के आधुनिकीकरण में निभा रहे अहम भूमिका
श्रीगंगानगर। भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने देश में दंत चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए राष्ट्रीय डेंटल आयोग अधिनियम, 2023 की धारा 11 के तहत डेंटल एडवाइजरी काउंसिल (दंत चिकित्सा सलाहकार परिषद) के गठन की आधिकारिक घोषणा की है। इस नवगठित परिषद में राजस्थान से राजस्थान डेंटल कॉलेज के प्राचार्य एवं राजस्थान डेंटल काउंसिल के अध्यक्ष डॉ. होती लाल गुप्ता को सदस्य नियुक्त किया गया है। डॉ. गुप्ता इस परिषद में राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे। प्रख्यात शिक्षाविद्, कुशल चिकित्सक और दक्ष प्रशासक के रूप में पहचान रखने वाले डॉ. एच. एल. गुप्ता ने अपने लंबे अनुभव के दौरान दंत चिकित्सा शिक्षा के आधुनिकीकरण और उच्च स्तरीय क्लिनिकल प्रैक्टिस को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। डॉ. तरुण सेठी के अनुसार, डॉ. गुप्ता के नेतृत्व में राजस्थान डेंटल कॉलेज ने शिक्षा और नवाचार के क्षेत्र में नए मानदंड स्थापित किए हैं। वहीं, राजस्थान डेंटल काउंसिल के अध्यक्ष के रूप में उन्होंने पेशेवर नैतिकता और नियामक व्यवस्था को मजबूत करने में भी अहम भूमिका निभाई है। नई डेंटल एडवाइजरी काउंसिल राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए एक प्रभावी राष्ट्रीय मंच के रूप में कार्य करेगी। इसके माध्यम से विभिन्न क्षेत्रीय मुद्दों और सुझावों को राष्ट्रीय डेंटल आयोग के समक्ष रखा जा सकेगा। परिषद का मुख्य उद्देश्य दंत शिक्षा, प्रशिक्षण और अनुसंधान के न्यूनतम मानकों का निर्धारण करना तथा पूरे देश में समान अवसर और एकरूप परीक्षा प्रणाली विकसित करने के लिए सुझाव देना होगा। विशेषज्ञों, शिक्षाविदों और नीति निर्माताओं से सुसज्जित यह परिषद देश में दंत चिकित्सा क्षेत्र को वैश्विक मानकों तक पहुंचाने और इसके समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
