– घर-घर पहुंचकर मांगे वोट, बोले-मौका मिला तो सुरक्षा के लिए नौ गेट, हर गली में स्ट्रीट लाइट और सड़क-नाली निर्माण करवाना प्राथमिकता
हनुमानगढ़। नगर परिषद हनुमानगढ़ के वार्ड नंबर 39 से निर्दलीय प्रत्याशी सुभाष चन्द्र का जनसंपर्क अभियान जोर-शोर से जारी है। मंगलवार को उन्होंने समर्थकों के साथ वार्ड में घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क किया और अपने पक्ष में मतदान कर विजयी बनाने की अपील की।

जनसंपर्क के दौरान उन्होंने वार्ड की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए समाधान का भरोसा दिलाया। सुभाष चन्द्र ने कहा कि वार्ड में पूर्व में भाजपा और कांग्रेस से चुने गए पार्षदों के कार्यकाल में अपेक्षित विकास नहीं हुआ। उन्होंने बताया कि वार्डवासियों ने क्षेत्र की समस्याओं को देखते हुए उन्हें चुनाव मैदान में उतरने के लिए कहा, जिसके बाद उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ने का निर्णय लिया।
चोरी और निराश्रित पशुओं की समस्या से लोग परेशान
निर्दलीय प्रत्याशी ने कहा कि वार्डवासी आए दिन होने वाली चोरियों और निराश्रित पशुओं की समस्या से परेशान हैं। उन्होंने कहा कि यदि जनता ने उन्हें पार्षद चुना तो सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए वार्ड में चिह्नित स्थानों पर नौ गेट लगवाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वार्ड की नालियों और सड़कों का निर्माण करवाना भी उनकी प्राथमिकता रहेगी। प्रत्येक गली में स्ट्रीट लाइट लगवाकर रात के समय रोशनी की व्यवस्था बेहतर करने का प्रयास किया जाएगा। इसके साथ ही नशे पर अंकुश लगाने के लिए भी प्रभावी प्रयास किए जाएंगे।
मामूली बारिश में जलभराव की समस्या
सुभाष चन्द्र ने आरोप लगाया कि वार्ड में लंबे समय से विकास कार्यों की अनदेखी के कारण मामूली बारिश के बाद भी सड़कों पर जलभराव हो जाता है। इससे आमजन को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि चुनाव जीतने के बाद जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करवाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने भाजपा सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि महंगाई लगातार बढ़ रही है, जिससे आम आदमी के लिए घर चलाना मुश्किल हो गया है। उन्होंने वार्डवासियों से क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए उन्हें अपना समर्थन देकर विजयी बनाने की अपील की।
