हनुमानगढ़। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय प्रेमपुरा में शनिवार को शिक्षक दिवस समारोह मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रधानाचार्य रजनीश गोदारा एवं स्टॉफ सदस्यों ने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र के समक्ष पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर की। कार्यक्रम प्रभारी एवं व्याख्याता संतोष कुमारी के मार्गदर्शन में रविन्द्र कुमार, मीनाक्षी, शिवानी एवं अनुराधा ने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जीवन से जुड़े प्रेरक प्रसंग प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों दीक्षा, मीनाक्षी, मंजू, मिलन एवं लक्ष्य ने शिक्षक सम्मान के विषय पर सुंदर पोस्टर तैयार किए। इस मौके पर प्रधानाचार्य रजनीश गोदारा ने विद्यार्थियों को डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जीवन एवं आदर्शांे से प्रेरणा लेकर शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों के जीवन को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शिक्षक दिवस के मौके पर विद्यालय परिसर में समस्त शिक्षकों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम में वीरेंद्र कुमार, जयपाल, जगदीश, संतोष कुमारी, हरलाल, वेद प्रकाश, महावीर प्रसाद, राधेश्याम एवं ममता सहित अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में विभिन्न गतिविधियों में हिस्सा लेने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। साथ ही विद्यार्थियों को मतदान जागरूकता से संबंधित जानकारी दी गई तथा नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प दिलाते हुए नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम का संचालन अध्यापक जगदीश कुमार ने किया। समारोह में विद्यालय स्टॉफ एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।
