
हनुमानगढ़। धर्म और देश की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले श्री गुरु गोविन्द सिंह, वीर साहिबजादे बाबा जोरावर सिंह और बाबा फतेह सिंह सहित चारों साहिबजादा की शहादत को सादर नमन करते हुए वीर बाल दिवस के उपलक्ष्य में शनिवार को डबलीराठान में एनसीए उच्च माध्यमिक विद्यालय की ओर से नगर कीर्तन निकाला गया। नगर कीर्तन की शुरुआत एनसीए उच्च माध्यमिक विद्यालय से हुई। नगर कीर्तन डबलीराठान के मुख्य मार्गांे से होता हुआ बाजार रोड स्थित राजीव चौक से होते हुए गुरुद्वारा साहिब में पहुंच कर समाप्त हुआ। नगर कीर्तन के दौरान युवाओं ने गतका कला का बहुत बढ़िया प्रदर्शन किया।

इस अवसर पर क्षेत्र की समूह साध संगत ने सेवा की। सभी गुरुद्वारों की ओर से बच्चों के लिए लंगर सेवा, फ्रूट सेवा और जगह-जगह चाय-बिस्किट की सेवा दी गई जो बहुत ही सराहनीय योगदान रहा। इसकी सभी ने प्रशंसा की। संस्था प्रधान ने सभी गुरुद्वारा कमेटियों का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर संस्था प्रधान अमीलाल राव, एसकेडी यूनिवर्सिटी चेयरमैन बाबूलाल जुनेजा, तहसीलदार रणवीर, चौकी प्रभारी एसआई हरबंश, जिला संयोजक जेपी सिद्धू और सरपंच जगतार सिंह, जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर, विशिष्ट समाजसेवी राजेन्द्र गुम्बर सहित गांव के प्रबुद्धजन और स्कूल स्टाफ शामिल हुआ।
