– दीपावली से पूर्व खाद्य सुरक्षा दल की कार्रवाई, कई खाद्य पदार्थों के सैंपल
हनुमानगढ़। दीपावली के त्योहार पर आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से खाद्य प्रतिष्ठानों के निरीक्षण एवं सैंपलिंग की कार्रवाई निरंतर की जा रही है। जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवनीत शर्मा के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा दल द्वारा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच की जा रही है। इसी क्रम में गुरुवार, 22 अक्टूबर को जिले में विभिन्न खाद्य संस्थानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए गए। साथ ही, खराब खाद्य सामग्री को मौके पर ही नष्ट करवाया गया। सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि खाद्य सुरक्षा दल ने रावतसर में संचालित मैसर्स श्री कृष्णा फूड्स कम्पनी से घी का नमूना संग्रहित किया गया। मैसर्स श्री कृ ष्णा फूड्स कम्पनी में निरीक्षण के दौरान मिल्क क्रीम में मच्छर-मक्खियां पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा दल ने गंभीरता से कार्रवाई की। खाद्य सामग्री की स्वच्छता एवं सुरक्षित रखरखाव में कमी पाए जाने के चलते मौके पर मौजूद करीब 60 किलोग्राम मिल्क क्रीम को नष्ट करवाया गया। खाद्य सुरक्षा दल ने खाद्य पदार्थों के निर्माण, भंडारण एवं रखरखाव के दौरान स्वच्छता मानकों की पालना सुनिश्चित करने पर जोर दिया, ताकि त्योहार के दौरान आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके। इसके अलावा, रावतसर स्थित मैसर्स श्री बालाजी डेयरी से घी एवं मिल्क क्रीम के नमूने तथा मैसर्स दौलत डेयरी से मावे का नमूना लिया गया। संग्रहित नमूनों को जांच के लिए भेजने की प्रक्रिया के तहत खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच की जाएगी। टीम में एफएसओ दीपक कुमार, एफएसओ अनुपम चोयल, एफएसओ सीपी शर्मा, योगेश शर्मा एवं गुरुशरण सिंह उपस्थित रहे।
त्योहार पर शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाने पर जोर
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा दीपावली के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण, सैंपलिंग एवं जांच अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य आमजन को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाना तथा मिलावट और खराब खाद्य पदार्थों की बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाना है। विभाग द्वारा त्योहार के दौरान भी खाद्य सुरक्षा मानकों की पालना सुनिश्चित करने के लिए कार्रवाई जारी रखी जाएगी।
