हनुमानगढ़। स्वामी केशवानंद की धरती संगरिया ब्लॉक के सरकारी विद्यालयों ने माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की कक्षा 10वीं और 12वीं परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए शानदार परिणाम दर्ज किया है। इस वर्ष कुल 74 विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल कर अभिभावकों और गुरुजनों का नाम रोशन किया। इन सभी मेधावी छात्र-छात्राओं को सोमवार को संगरिया स्थित पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय स्टेट में आयोजित ब्लॉक स्तरीय सम्मान समारोह में सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उपखंड अधिकारी जय कौशिक, तहसीलदार, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी पन्नालाल कड़ेला, जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) जितेन्द्र बठला तथा मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी सीमा भल्ला सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे। समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी पन्नालाल कड़ेला ने कहा कि ऐसे सम्मान समारोह विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत होते हैं।

इससे प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रोत्साहन मिलता है और अन्य विद्यार्थियों में भी आगे बढ़ने की प्रेरणा जागृत होती है। जिला शिक्षा अधिकारी जितेन्द्र बठला ने बताया कि ब्लॉक के अधिकांश सरकारी विद्यालयों का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा है, जो अपने आप में ऐतिहासिक उपलब्धि है। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहकर लक्ष्य निर्धारित करने और एकाग्रता के साथ पढ़ाई करने की सलाह दी। साथ ही अभिभावकों से भी बच्चों को बेहतर अध्ययन वातावरण उपलब्ध कराने का आह्वान किया। उन्होंने यह भी बताया कि वर्तमान में प्रवेशोत्सव अभियान चल रहा है और बेहतर परीक्षा परिणाम के कारण राजकीय विद्यालयों में नामांकन में लगातार वृद्धि हो रही है। संगरिया ब्लॉक में पिछले दो वर्षों से नामांकन बढ़ रहा है और इस वर्ष भी वृद्धि की उम्मीद है। मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी सीमा भल्ला ने बताया कि संगरिया ब्लॉक भले ही छोटा हो, लेकिन उपलब्धियों में यह अग्रणी है। कला वर्ग के 33 में से 29 विद्यालयों का परिणाम शत-प्रतिशत रहा, जबकि विज्ञान वर्ग के सभी 3 विद्यालयों और वाणिज्य वर्ग के 3 में से 2 विद्यालयों का परिणाम भी शत-प्रतिशत रहा। वहीं कक्षा 10वीं में 41 में से 30 विद्यालयों का परिणाम शत-प्रतिशत रहा। उन्होंने बताया कि ब्लॉक के 60 प्रतिशत से अधिक विद्यार्थी प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण हुए हैं, जो एक बड़ी उपलब्धि है।
