संगरिया। स्थानीय जनसुनवाई केंद्र पर रविवार दोपहर 12 बजे विधायक अभिमन्यु पुनिया ने जनसुनवाई कर क्षेत्र के ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान विभिन्न गांवों से पहुंचे लोगों ने सड़क, बिजली और शिक्षा से जुड़ी समस्याएं विधायक के सामने रखीं। जनसुनवाई के दौरान ग्रामीणों ने कई स्थानों पर नई सड़कों के निर्माण की मांग की। वहीं ढाणियों में रहने वाले ग्रामीणों ने विद्युत कनेक्शन उपलब्ध करवाने की समस्या से अवगत कराया। इसके अलावा कुछ गांवों के लोगों ने विद्यालयों में खेल मैदान के विकास के लिए बजट उपलब्ध करवाने की मांग भी रखी।

विधायक अभिमन्यु पुनिया ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश देने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास और आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए वे लगातार प्रयासरत हैं। आम लोगों की मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मुद्दों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों की समस्याओं को सीधे सुनकर उनका शीघ्र समाधान करवाना है, ताकि किसी भी व्यक्ति को अपनी समस्या के समाधान के लिए भटकना न पड़े। इस अवसर पर चांद बत्रा, राधे सहारण, विनोद बुढ़ानिया, मान सिंह मान, अवतार सिंह मान, कांग्रेस कमेटी नगर अध्यक्ष संजीव सोनी, अमृत पाल सिंह, प्रकाश भाट, अश्वनी थापन और सुनील तिवाड़ी सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
