हनुमानगढ़। जुआ-सट्टा एवं क्रिकेट बुकी की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जंक्शन थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 33350 रुपए की सट्टा राशि और लाखों रुपए के हिसाब-किताब से संबंधित दस्तावेज बरामद किए हैं। पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र सिंह मीना ने बताया कि जिले में नशा तस्करी, अवैध मादक पदार्थांे, अवैध हथियारों, जुआ-सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों की रोकथाम तथा वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में सख्ती से कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में जंक्शन थाना प्रभारी रामचन्द्र कस्वां के निर्देशन में गठित पुलिस टीम ने गश्त के दौरान रोडवेज डिपो के पास भ_ा बस्ती क्षेत्र में कार्रवाई की। मौके पर दो व्यक्तियों को पर्ची सट्टा करते हुए पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राकेश कुमार (35) पुत्र लालचंद यादव निवासी वार्ड नंबर 60, सुरेशिया और राजेश दुगड़ (55) पुत्र जुगराज ओसवाल, निवासी वार्ड नंबर 14, जंक्शन के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आरपीजीओ के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच एएसआई पलटूदास की ओर से की जा रही है। इस कार्रवाई में एएसआई प्रद्युम्न और कांस्टेबल जितेंद्र शामिल रहे। साथ ही, जिला विशेष टीम सेक्टर हनुमानगढ़ की ओर से साक्ष्य एवं गोपनीय सूचना जुटाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया गया।
