रावतसर। सिंचाई पानी की मांग को लेकर भारतीय किसान संघ तहसील रावतसर ने तहसील अध्यक्ष जयवीर गोदारा के नेतृत्व में उपखंड अधिकारी शुभम शर्मा को मुख्य अभियंता सिंचाई के नाम ज्ञापन सौंपा। संगठन ने रावतसर तहसील क्षेत्र की नहरों में सिंचाई पानी की एक अतिरिक्त बारी देने की मांग की। तहसील अध्यक्ष जयवीर गोदारा ने कहा कि क्षेत्र में बारिश कम होने और नहरों में तीन में से एक ग्रुप में सिंचाई पानी चलने के कारण खरीफ फसलें तबाही के कगार पर हैं। यदि शीघ्र सिंचाई पानी नहीं मिला तो किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा। उन्होंने गुरुवार से रावतसर ब्रांच सहित अन्य संबंधित नहरों में सिंचाई पानी चलाने की मांग की। जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह सूडा ने कहा कि इंदिरा गांधी नहर में करीब 13 से 13.5 हजार क्यूसेक पानी चलने के बावजूद तीन में से एक ग्रुप में सिंचाई पानी देना समझ से परे है। उन्होंने जल संसाधन विभाग से प्रथम और द्वितीय चरण में उपलब्ध एवं वितरित किए जा रहे पानी के पूरे आंकड़े सार्वजनिक करने की मांग की, ताकि पानी के वितरण की वास्तविक स्थिति सामने आ सके। सूडा ने आरोप लगाया कि बीकानेर बैठे अधिकारियों के दबाव में बैलेंस का पानी द्वितीय चरण में अधिक दिया जा रहा है। उन्होंने प्रथम और द्वितीय चरण के लिए निर्धारित अनुपात के अनुसार बैलेंस पानी का वितरण करने की मांग की। साथ ही खेतेवाली, जोरावरपुरा जैसी छोटी नहरों को बैलेंस पानी नहीं मिलने पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि धरने-प्रदर्शन के दबाव में इसी ग्रुप की एक बड़ी नहर में बैलेंस का पूरा पानी चलाया जा रहा है। भारतीय किसान संघ ने मांग की कि इंदिरा गांधी नहर परियोजना में चार में से दो ग्रुप एक साथ चलाकर सिंचाई पानी की बारी दी जाए तथा बैलेंस पानी का प्रथम और द्वितीय चरण में निर्धारित प्रतिशत के अनुसार समान रूप से वितरण किया जाए।
गेहूं खरीद घोटाले में कार्रवाई की मांग
ज्ञापन देने के बाद किसान संघ के कार्यकर्ताओं ने गेहूं खरीद घोटाले में अभी तक कार्रवाई नहीं होने पर रावतसर पुलिस थाने पहुंचकर नाराजगी जताई। थाना प्रभारी की अनुपस्थिति में प्रतिनिधिमंडल ने जांच रीडर से मुलाकात की और मुकदमे में नामजद सभी लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह सूडा ने कहा कि पुलिस की कार्रवाई केवल किसानों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि थाना प्रभारी फोन तक नहीं उठा रहे हैं। सूडा ने कहा कि इस संबंध में जिले के उच्च पुलिस अधिकारियों को शिकायत की जाएगी।
