ऐलनाबाद। सिरसा पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स सेल सिरसा को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक युवक को लाखों रुपये की 26 ग्राम 56 मिलीग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने जानकारी देते हुए बताया कि एंटी नारकोटिक्स सेल की एक टीम गश्त व चेकिंग के दौरान वार्ड नंबर 19 क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान डाकुओं वाली गली की ओर से एक युवक आता दिखाई दिया। पुलिस वाहन को देखकर युवक ने अचानक दिशा बदलकर भागने का प्रयास किया, जिससे संदेह हुआ। टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे मौके पर ही काबू कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी की पहचान रोहित कुमार पुत्र रमेश कुमार निवासी वार्ड नंबर 19, सिरसा के रूप में हुई। नियमानुसार राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में ली गई तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 26 ग्राम 56 मिलीग्राम हेरोइन बरामद की गई। इस मामले में आरोपी के खिलाफ थाना शहर सिरसा में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। आगे की जांच शहर थाना पुलिस को सौंपी गई है। पुलिस आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेगी, ताकि उससे गहन पूछताछ कर हेरोइन तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा सके। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जिला सिरसा में नशा तस्करी को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए पुलिस का अभियान निरंतर जारी रहेगा और नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
