हनुमानगढ़। जंक्शन की सब्जी मंडी प्रांगण में सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। यह धार्मिक कार्यक्रम इंडियन फ्रूट कंपनी के नेतृत्व में आयोजित हुआ, जिसमें मौजूद श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम और हनुमान जी का स्मरण किया तथा क्षेत्र की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की। कार्यक्रम का शुभारंभ विधिवत पूजा-अर्चना से हुआ। विद्वान आचार्यां की ओर से गणेश वंदना, राम दरबार पूजन एवं हनुमान जी का आह्वान किया गया। इसके बाद सामूहिक रूप से सुंदरकांड पाठ प्रारंभ हुआ। पाठ के दौरान पूरा परिसर जय श्रीराम और ‘बोलो पवनसुत हनुमान की जय के जयघोष से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने चौपाइयों और दोहों का श्रद्धापूर्वक उच्चारण कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। आयोजन में उपस्थित श्रद्धालुओं का कहना था कि सुंदरकांड पाठ जीवन की बाधाओं को दूर करने, मानसिक शांति प्रदान करने और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करने वाला धार्मिक अनुष्ठान है। भक्ति संगीत की मधुर धुनों के बीच श्रद्धालु प्रभु स्मरण में लीन दिखाई दिए। कार्यक्रम में महेश सैनी, पप्पू सैनी तथा नरेंद्र शेखावत सहित विभिन्न वर्गां के लोगों ने भागीदारी निभाई। महिलाओं और युवाओं की उल्लेखनीय उपस्थिति ने सामाजिक एकता का संदेश दिया। आयोजकों ने बताया कि सुंदरकांड केवल धार्मिक पाठ नहीं, बल्कि साहस, समर्पण और सेवा भावना की प्रेरणा देने वाला अध्याय है। इस आयोजन का उद्देश्य समाज में आध्यात्मिक चेतना, आपसी प्रेम और सद्भाव को मजबूत करना है। कार्यक्रम स्थल को आकर्षक रूप से सजाया गया था। भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान जी की प्रतिमाओं के समक्ष दीप प्रज्वलित कर आरती की गई। पाठ पूर्ण होने के बाद हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ और महाआरती आयोजित की गई, जिसके पश्चात श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया।
