– डीआईजी श्वेता धनखड़ ने महिलाओं से किया सीधा संवाद, बोलीं-महिलाओं की सुरक्षा में समाज की भागीदारी भी जरूरी
हनुमानगढ़। महिलाओं को सुरक्षित, जागरूक और सशक्त बनाने की दिशा में हनुमानगढ़ पुलिस ने बुधवार को एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए जिला पुलिस लाइन में ‘महिला सुरक्षा संकल्प अभियान के तहत महिला सुरक्षा एवं जागरूकता संवाद कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में उप महानिरीक्षक पुलिस (आरएसी), राजस्थान, जयपुर श्वेता धनखड़ मुख्य अतिथि रहीं, जबकि अध्यक्षता जिला पुलिस अधीक्षक बी आदित्य ने की। कार्यक्रम की शुरुआत पुलिस लाइन परिसर में वृक्षारोपण से हुई। इसके बाद महिला पुलिस अधिकारियों, सामुदायिक पुलिसिंग की महिला सदस्यों, विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं एनजीओ की प्रतिनिधियों के साथ महिला सुरक्षा विषय पर संवाद आयोजित किया गया। संवाद में महिलाओं ने खुलकर अपनी समस्याएं और सुझाव साझा किए। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण महिला सुरक्षा के लिए समर्पित विशेष हेल्पलाइन का शुभारंभ रहा। डीआईजी श्वेता धनखड़ ने बताया कि मुख्यमंत्री की पहल पर शुरू किए गए इस नवाचार का उद्देश्य महिलाओं को निर्भीक होकर सूचना देने का मंच उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि इस हेल्पलाइन पर महिलाएं केवल मिस्ड कॉल देकर भी सूचना दे सकेंगी।

इसके बाद पुलिस की ओर से उन्हें वापस कॉल किया जाएगा। महिलाएं नशे के कारोबार, महिलाओं से जुड़े अपराध, छेड़छाड़ या अन्य आपराधिक गतिविधियों की सूचना निसंकोच दे सकेंगी। सूचना देने वाली महिला की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी तथा प्राप्त सूचना पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। डीआईजी श्वेता धनखड़ ने कहा कि महिला सुरक्षा केवल पुलिस का दायित्व नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। जागरूक नागरिक, संवेदनशील पुलिस व्यवस्था और समाज की सक्रिय भागीदारी से ही महिलाओं के लिए सुरक्षित वातावरण तैयार किया जा सकता है।
नशे के खिलाफ महिलाओं ने उठाई बुलंद आवाज
संवाद कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने जिले में बढ़ते नशे के कारोबार पर और अधिक प्रभावी कार्रवाई की मांग रखी। इसके अलावा बच्चों पर नशे के प्रभाव, कॉलेज आने-जाने वाली छात्राओं की सुरक्षा तथा सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं की सुरक्षा जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए। डीआईजी श्वेता धनखड़ ने सभी सुझावों पर गंभीरता से कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
महिला सुरक्षा जागरूकता वाहन रैली को दिखाई हरी झंडी
संवाद कार्यक्रम के बाद डीआईजी श्वेता धनखड़ ने जिला पुलिस लाइन से शहीद भगत सिंह चौक तक महिला सुरक्षा जागरूकता वाहन रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली के माध्यम से महिलाओं की सुरक्षा, उनके अधिकारों और पुलिस की विभिन्न सुरक्षा योजनाओं के प्रति आमजन को जागरूक किया गया।
महिलाओं ने निभाई भागीदारी
कार्यक्रम में डीएसपी मीनाक्षी, जिले की महिला पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी, सामुदायिक पुलिसिंग से जुड़ी महिलाएं तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों की प्रतिनिधियों, समाजसेवी सुमन चावला, कंचन गुप्ता, पूर्व उपसभापति नगीना बाई, एडवोकेट मिताली अग्रवाल, सुनीता अग्रवाल सहित कई महिलाओं की उपस्थिति ने कार्यक्रम को जनभागीदारी का स्वरूप दिया।
