– एएसपी ने किया कार्यक्रमों का निरीक्षण, अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
हनुमानगढ़। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर 15 अगस्त को आयोजित होने वाले जिला स्तरीय समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। इसी क्रम में गुरुवार को टाउन स्थित राजकीय नेहरू मेमोरियल स्नातकोत्तर महाविद्यालय के खेल मैदान में जिला स्तरीय समारोह की अंतिम रिहर्सल आयोजित की गई। अंतिम रिहर्सल के दौरान समारोह में प्रस्तुत किए जाने वाले विभिन्न कार्यक्रमों का अभ्यास किया गया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविन्द बिश्नोई ने जिला स्तरीय समारोह की तैयारियों एवं कार्यक्रमों का निरीक्षण किया। उन्होंने आयोजन स्थल पर व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एएसपी बिश्नोई ने अधिकारियों से कहा कि स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान सभी व्यवस्थाएं निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार सुनिश्चित की जाएं। कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा, यातायात, पार्किंग सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर भी विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर प्रशासन एवं पुलिस विभाग की ओर से तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है, ताकि 15 अगस्त को समारोह गरिमापूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

