-दहेज मुक्त विवाह से दिया सामाजिक सुधार का संदेश
हनुमानगढ़। जंक्शन शहर के लक्ष्मी नगर स्थित अरिहंत भवन में रविवार को संत रामपाल महाराज के सान्निध्य में भव्य सत्संग समागम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर आध्यात्मिक ज्ञान का लाभ प्राप्त किया। सत्संग का प्रसारण प्रोजेक्टर के माध्यम से किया गया, जिसके जरिए उपस्थित श्रद्धालुओं ने संत रामपाल महाराज के अमृतमय सत्संग वचनों को श्रद्धा भाव से सुना। अपने प्रवचनों में संत रामपाल महाराज ने मानव जीवन के वास्तविक उद्देश्य, सच्ची भक्ति और आध्यात्मिक ज्ञान की महत्ता पर प्रकाश डाला।

उन्होंने समाज में व्याप्त कुरीतियों जैसे नशाखोरी, दहेज प्रथा, पाखंडवाद और अनावश्यक आडंबर को त्यागकर सरल, संयमित और नैतिक जीवन अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने बताया कि सच्चे आध्यात्मिक ज्ञान और सतभक्ति के माध्यम से ही मनुष्य अपने जीवन को सफल और सार्थक बना सकता है। सत्संग समागम के दौरान दहेज मुक्त विवाह रमेणी का भी आयोजन किया गया। विवाह समारोह अत्यंत सादगीपूर्ण वातावरण में धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ सम्पन्न कराया गया, जिसमें बिना दहेज और बिना अनावश्यक खर्च के विवाह संस्कार सम्पन्न किए गए। इस पहल के माध्यम से समाज को यह संदेश दिया गया कि विवाह जैसे पवित्र संस्कार को बिना दहेज और बिना दिखावे के भी गरिमापूर्ण तरीके से सम्पन्न किया जा सकता है।

कार्यक्रम में विधायक गणेश राज बंसल सहित कई गणमान्य नागरिकों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई और इस सामाजिक व आध्यात्मिक पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि दहेज मुक्त विवाह जैसे आयोजन समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और युवाओं को नई सकारात्मक सोच प्रदान करते हैं। कार्यक्रम के अंत में जिला सेवादार पवन दास स्वामी और उनकी टीम ने सभी उपस्थित श्रद्धालुओं और अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए समाज में शांति, सद्भाव और नैतिक मूल्यों को बढ़ावा देने के लिए संत रामपाल जी महाराज के बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
