हनुमानगढ़। जिले में नशा तस्करी, अवैध मादक पदार्थों, अवैध हथियारों, जुआ-सट्टा और संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत हनुमानगढ़ पुलिस को लगातार सफलता मिल रही है। पुलिस अधीक्षक हरी शंकर के निर्देशन में विभिन्न थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक हरी शंकर ने बताया कि जिले में अपराधों की रोकथाम, वांछित अपराधियों की धरपकड़ तथा गैंगस्टर और उनके सहयोगियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए सभी अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। इसी अभियान के तहत पुलिस की विभिन्न टीमों ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए कई मामलों का खुलासा किया है। इसी क्रम में पुलिस थाना पीलीबंगा की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो मोटरसाइकिल सवार युवकों को 9.15 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) के साथ गिरफ्तार किया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नोहर गीता चौधरी एवं वृताधिकारी रावतसर सुभाष गोदारा के निकटतम सुपरविजन में थानाधिकारी जगदीश प्रसाद के नेतृत्व में पुलिस टीम गश्त पर थी। इस दौरान पीबीएन नहर रोही 13-14 पीबीएन के पास एक मोटरसाइकिल प्लेटिना नंबर आरजे-13-एसटी 2582 पर सवार दो संदिग्ध युवकों को रोका गया। तलाशी लेने पर उनके पास से 9.15 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी गुरमीत सिंह उर्फ गीतू पुत्र दलीप सिंह रायसिख (25) निवासी चक 85 एनएनपी थाना मुकलावा जिला श्रीगंगानगर तथा अमरीक सिंह उर्फ बीकू पुत्र बूटासिंह रायसिख (26) निवासी चक 85 एनएनपी थाना मुकलावा जिला श्रीगंगानगर को गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में प्रकरण संख्या 142/12.03.2026 धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। इस कार्रवाई में उप निरीक्षक वीरचंद, कांस्टेबल अमनदीप सिंह, कांस्टेबल मनीष कुमार और कांस्टेबल लक्ष्मीनारायण की विशेष भूमिका रही। इसके अलावा हनुमानगढ़ जंक्शन पुलिस ने भी अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए 400 नशीली प्रेगाबालिन टैबलेट्स के साथ एक आरोपी को डिटेन कर औषधि नियंत्रण अधिकारी के सुपुर्द किया है। वहीं शराब तस्करी के मामले में वांछित 5000 रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। मोटरसाइकिल चोरी के मामले में दो आरोपियों को पकड़ा गया है, जबकि दुकान में घुसकर चोरी करने वाले आरोपी को भी 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार करने में पुलिस को सफलता मिली है। हनुमानगढ़ पुलिस की इन लगातार कार्रवाइयों से जिले में अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है और पुलिस का विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा।
