श्रीगंगानगर। राजकीय महाविद्यालय हिन्दुमलकोट में डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती की पूर्व संध्या पर ‘सामाजिक शिल्पकार अंबेडकर’ विषय पर भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य डॉ. अंबेडकर के जीवन, उनके विचारों एवं सामाजिक योगदान को स्मरण करना रहा। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए सामाजिक न्याय, समानता और शिक्षा के महत्व पर अपने विचार प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किए। प्रतिभागियों ने डॉ. अंबेडकर के संघर्षपूर्ण जीवन तथा आधुनिक भारत के निर्माण में उनकी अहम भूमिका पर प्रकाश डाला। प्रतियोगिता के परिणामों में गुरंश ने उत्कृष्ट प्रस्तुति देते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। नीलम ने प्रभावशाली अभिव्यक्ति के साथ द्वितीय स्थान हासिल किया, जबकि साक्षी ने आत्मविश्वासपूर्ण प्रस्तुति देकर तृतीय स्थान प्राप्त किया। निर्णायक की भूमिका छात्रा किरणजोत एवं नीलम द्वारा निभाई गई। कार्यक्रम का सह-संचालन भूगोल के सहायक आचार्य डॉ. हनुमानप्रसाद आर्य ने किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को राजस्थान सरकार द्वारा आयोजित ‘संविधान को जानें’ ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता की जानकारी भी दी गई। 12 से 14 अप्रैल 2026 तक आयोजित इस प्रतियोगिता में 25 प्रश्नों को 15 मिनट में हल करना होगा। प्रतिभागी मोबाइल के माध्यम से लॉगिन कर इसमें भाग ले सकते हैं तथा क्विज पूर्ण करने पर तत्काल परिणाम एवं ई-सर्टिफिकेट प्राप्त होगा। महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने ऑनलाइन भाग लेकर प्रमाण पत्र भी प्राप्त किए। कार्यक्रम के दौरान जलियांवाला बाग कांड के शहीदों को भी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। अंत में महाविद्यालय के प्राचार्य ने सभी प्रतिभागियों एवं आयोजकों की सराहना करते हुए विद्यार्थियों को डॉ. अंबेडकर के आदर्शों को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।
