– पूर्व निर्धारित सूची के अनुसार बारदाना वितरण की रखी मांग, एडीएम की मध्यस्थता के बाद शुरू हुआ कार्य
हनुमानगढ़। जंक्शन धानमंडी में बारदाना वितरण को लेकर किसानों ने गुरुवार को विरोध प्रदर्शन करते हुए धरना लगा दिया। किसानों का आरोप था कि प्रशासन की ओर से पहले तैयार की गई सूची के अनुसार व्यापारियों को बारदाना वितरित नहीं किया जा रहा। विरोध के चलते किसानों ने बारदाने से भरे ट्रक का वितरण कार्य भी रुकवा दिया। धरने के दौरान आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में किसान मौके पर पहुंचे और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। किसानों का कहना था कि कुछ दिन पहले उपखंड अधिकारी की ओर से दुकानों को बारदाना आवंटित करने के लिए सूची तैयार की गई थी, जिसमें टोकनों की संख्या के आधार पर वितरण तय किया गया था। गांव मानकसर निवासी किसान जगसीर सिंह और लीलांवाली निवासी भीमसिंह ने बताया कि पूर्व निर्धारित सूची के अनुसार जिन दुकानों पर अधिक टोकन थे, उन्हें अधिक बारदाना मिलना था। आरोप है कि बाद में रातोंरात नई सूची तैयार कर दी गई और उसी के आधार पर वितरण शुरू कर दिया गया। इससे कई व्यापारियों और किसानों को नुकसान उठाना पड़ रहा है।

किसानों ने आरोप लगाया कि जिन दुकानों को लगभग 16 हजार बारदाना थैले मिलने थे, उन्हें मात्र 5 हजार थैले ही दिए जा रहे हैं। उन्होंने मांग की कि चार-पांच दिन पहले एसडीएम की ओर से तैयार की गई सूची के अनुसार ही बारदाना वितरित किया जाए। ग्राम पंचायत मक्कासर के प्रशासक बलदेव सिंह ने बताया कि एफसीआई का करीब 65 हजार थैलों का बारदाना धानमंडी पहुंचा हुआ है। बारदाने से भरा ट्रक पिछले तीन दिनों से मंडी में खड़ा था, लेकिन वितरण को लेकर विवाद के कारण किसान और व्यापारी परेशान हो रहे थे। उन्होंने बारदाने का पारदर्शी और पर्याप्त वितरण सुनिश्चित करने की मांग की ताकि किसानों की पूरी गेहूं उपज की खरीद हो सके। बाद में अतिरिक्त जिला कलक्टर की ओर से किसानों और संबंधित पक्षों के साथ वार्ता कर मध्यस्थता की गई। प्रशासन की ओर से पूर्व में तैयार सूची के अनुसार बारदाना वितरण कराने का आश्वासन दिए जाने के बाद किसानों ने धरना समाप्त कर दिया। इसके बाद बारदाना वितरण का कार्य पुन: शुरू हो गया।
