हनुमानगढ़। भीषण गर्मी के बीच राहगीरों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से श्री अमृत सेवा समिति की ओर से गुरुवार को ग्यारस के उपलक्ष्य में टाउन स्थित यातायात शाखा के बाहर ठंडे-मीठे पानी की छबील लगाई गई। यातायात शाखा के सहयोग से आयोजित इस सेवा कार्य में समिति के सदस्यों ने वाहन चालकों और राहगीरों को शीतल जल वितरित किया। समिति के सदस्यों ने सड़क से गुजर रहे वाहन चालकों एवं पैदल यात्रियों को रोक-रोककर ठंडा और मीठा पानी पिलाया। इस दौरान आमजन से गर्मी के मौसम में पशु-पक्षियों के लिए भी दाना-पानी की व्यवस्था करने की अपील की गई। समिति के मनप्रीत सिंह ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से तापमान लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में राहगीरों को गर्मी से राहत दिलाने के उद्देश्य से छबील का आयोजन किया गया। उन्होंने बताया कि समिति की ओर से आगामी सप्ताह शहर में विभिन्न स्थानों पर 101 परिंडे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, ताकि गर्मी के मौसम में पक्षियों को पानी उपलब्ध कराया जा सके। समिति के कोषाध्यक्ष योगेश यादव ने बताया कि संस्था सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यांे में लगातार सक्रिय रहती है। समिति ने पूर्व में पंजाब के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जरूरतमंदों तक खाद्य सामग्री पहुंचाने का कार्य किया था। इसके अलावा टाउन की इंदिरा कॉलोनी निवासी एक जरूरतमंद परिवार की बेटी के विवाह में भी सहयोग किया गया। हाल ही में रूपनगर में एक युवक, जिसके पिता का निधन हो चुका था, को सदमे के कारण चक्कर आने से सिर में गंभीर चोट लग गई थी और उसे ब्रेन हेमरेज हो गया था। समिति के सदस्यों ने आपसी सहयोग से आर्थिक सहायता एकत्रित कर उपचार के लिए परिवार को भेंट की थी। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी संस्था समाज सेवा के ऐसे कार्य निरंतर करती रहेगी। इस मौके पर देवकीनंदन जलंधरा, मनीष बंसल, बबलू कश्यप, सुनील, हरकीरत सहित समिति के अनेक सदस्यों ने छबील सेवा में हिस्सा लेकर सेवाएं दीं।
